बिल्सी। पिछले कई दिनों कम तापमान और बर्फीली हवाए लोगों पर कहर ढा रही है। अब आसमान में बादल एवं सुबह-शाम कोहरे की चादर फिर से फैलने लगी है। न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। आज गुरुवार को सुबह घना कोहरा भी छाया रहा। ठंडी हवाओं और कोहरे के कारण ठिठुरन भरी सर्दी से लोग कांप उठे। रात से शुरू हुए कोहरे का कहर सुबह जल्दी साफ हो गया पर आसमान में बादल के बीच पूरे दिन धुंध छाई रही। पूरे दिन सूरज के दर्शन नहीं हुए। पूरे दिन लोग अपने घरों में दुबके रहे और आग के सहारे लोगों का दिन बीता। प्रशासन द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलवाने में खानापूर्ति की जा रही है। लोगों को ठंड से बचाने के लिए सरकारी इंतजाम नाकाफी है। लोगों की माने तो जिम्मेदारों द्वारा भेजी गई लकड़ियां पहले ही खत्म हो चुकी है। इसके चलते अब सरकारी अलाव ठंडे पड़ गए हैं। लोग घास-फूंस जलाकर ठंड से निजात पाने की कोशिश में जुटे हैं। ठंड बढ़ने से बीमारियों का प्रकोप भी शुरू हो गया है। सर्दी का सितम कहीं लोगों बीमार न बना दे, इसके लिए विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।