बदायूं। रुहेलखंड के सुप्रसिद्ध मिनी कुंभ मेला ककोड़ा में आस्था, भक्ति और सनातन परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिला। रेत की सफेद चादर पर बसे तंबुओं के विशाल शहर में लाखों श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। गंगा तट पर सुबह से ही हर-हर गंगे और जय मां गंगे के जयकारे गूंजने लगे। दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने पतित पावनी मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और कल्याण की कामना की।
श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान के बाद विधिवत पूजा-अर्चना की और दीपदान कर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। कई स्थानों पर यज्ञ, कथा, भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। मनोकामना पूर्ण होने पर श्रद्धालुओं ने मां गंगा को साड़ी और चुनरी अर्पित की। वहीं कन्या भोज के आयोजन में देवकन्याओं को दही-जलेबी, पूरी-सब्जी का भोजन कराकर दक्षिणा दी गई। गंगा तट पर इलायची दाना, बताशे और बूंदी के लड्डुओं का प्रसाद भी चढ़ाया गया।
ओमेंद्र महाराज के दर्शन को लगी कतारें
मेले में पहुंचे मनोना धाम के ओमेंद्र महाराज ने मां गंगा की पूजा-अर्चना कर आरती की और श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया। उनके दर्शन के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालुओं में उनके प्रति विशेष उत्साह दिखाई दिया। दूसरी ओर स्काउट के दलों ने वॉच टावरों से मेले की गतिविधियों और सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी।
तंबुओं के शहर में निभाई गई मान पक्ष की परंपरा
गंगा किनारे रेत की चादर पर बसे तंबुओं के शहर में सनातन परंपराओं की अनूठी छटा दिखाई दी। श्रद्धालुओं ने अपने मान पक्ष का तिलक लगाकर स्वागत-सत्कार किया और उन्हें भोजन कराकर दान-दक्षिणा दी। मान्यता है कि इस परंपरा का निर्वहन करने से अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है। लोगों ने अपने मान पक्ष को पूरी-सब्जी का भोज कराकर सम्मानपूर्वक विदाई दी। इस दौरान सामाजिक समरसता और पारिवारिक रिश्तों की आत्मीयता भी देखने को मिली।
मीना बाजार में खरीदारी, झूलों ने किया मनोरंजन
गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने मेले के मीना बाजार का रुख किया। महिलाओं ने श्रृंगार सामग्री और घरेलू सामान की खरीदारी की तो बच्चों ने खिलौने खरीदे। मेले में लगे विभिन्न प्रकार के झूले, जादू के खेल और कठपुतली नृत्य आकर्षण का केंद्र बने रहे। सांस्कृतिक मंच पर श्रीकृष्ण लीला, श्रीराम लीला, लोक संस्कृति और जनजागरूकता से जुड़े कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। वहीं रात्रि विश्राम के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं ने एलईडी स्क्रीन पर धार्मिक कार्यक्रमों का आनंद लिया।
भंडारों में हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
मेले में जगह-जगह विशाल भंडारों का आयोजन किया गया। मुख्य मार्गों से लेकर साधु-संतों के पंडालों और झूलों के आसपास तक भंडारे चलते रहे। इनमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। सेवा और भक्ति के इस आयोजन में विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के कार्यकर्ता जुटे रहे।
श्रद्धालुओं की वापसी से लगा लंबा जाम
गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं की एक साथ वापसी शुरू होने पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई। सुतिया पुल से लेकर गंगापुर पुख्ता तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। ट्रैक्टर-ट्रॉलियां, कारें और टेंपो घंटों जाम में फंसे रहे। स्थिति संभालने के लिए पुलिस और प्रशासन के जवानों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। काफी प्रयासों के बाद यातायात को सुचारू कराया गया।
मिनी कुंभ मेला ककोड़ा में श्रद्धालुओं की भारी मौजूदगी ने एक बार फिर रुहेलखंड की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत की भव्यता को प्रदर्शित किया। गंगा तट पर उमड़ा जनसैलाब, धार्मिक अनुष्ठान, सेवा और सामाजिक परंपराओं ने मेले को आस्था के विराट उत्सव का स्वरूप प्रदान किया।


























































































