रिठौरा (बरेली)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को भोजीपुरा विधानसभा क्षेत्र के रिठौरा स्थित गुरुकृपा बरात घर से श्रद्धेय मुलायम सिंह यादव जनचेतना पीडीए पदयात्रा का शुभारंभ हुआ। पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने सपा जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव के नेतृत्व में पदयात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रा रिठौरा, खाता और भड़सर होते हुए बंजरिया में संपन्न हुई।
इस दौरान जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव ने कहा कि अखिलेश यादव पीडीए की अवधारणा के माध्यम से पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक समाज को सम्मान, अधिकार और राजनीतिक भागीदारी दिलाने की लड़ाई लड़ रहे हैं। नेताजी मुलायम सिंह यादव ने जीवनभर सामाजिक समानता और शोषित-वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया। आज अखिलेश यादव उसी विचारधारा को आगे बढ़ा रहे हैं।
पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने कहा कि यह पदयात्रा केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, संविधान की रक्षा और जनसमस्याओं के प्रति जागरूकता का अभियान है। उन्होंने युवाओं के रोजगार, किसानों को उचित मूल्य और वंचित वर्गों की राजनीतिक हिस्सेदारी को प्रमुख मुद्दा बताया। उन्होंने 2027 में प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का संकल्प दोहराया।
विधायक शहजिल इस्लाम ने कहा कि अखिलेश यादव के नेतृत्व में सरकार बनने पर किसानों का सम्मान, युवाओं को रोजगार तथा शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बनाना प्राथमिकता होगी। पूर्व विधायक इस्लाम साबिर ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से जनता परेशान है और 2027 में मताधिकार के माध्यम से जवाब देगी।
पदयात्रा का जगह-जगह फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। ढोल-नगाड़ों के साथ कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। यात्रा में सुरेंद्र सोनकर, रविंद्र सिंह यादव, प्रमोद यादव, जितेंद्र मुंडे, अशोक यादव, शिव प्रताप यादव, स्मिता यादव, मिथलेश आर्य, हुर्रिया रहमान, अनिल पटेल, विदित जौहरी सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं हजारों लोग शामिल रहे।
धर्मेंद्र कश्यप ने पीडीए जनचेतना पदयात्रा को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

6.6K views

























































































