बदायूं। मिनी कुंभ मेला ककोड़ा में भारत स्काउट एवं गाइड संस्था के तत्वावधान में संचालित खोया-पाया समाज सेवा शिविर श्रद्धालुओं के लिए बड़ी मददगार साबित हो रहा है। मेले में स्काउट के स्वयंसेवकों ने अब तक 202 से अधिक खोए हुए बच्चों और बुजुर्गों को उनके परिजनों से मिलाकर सेवा और समर्पण की मिसाल पेश की है। स्काउट की टीमें दिन-रात मेले में तैनात रहकर श्रद्धालुओं की सहायता करने के साथ ही सुरक्षा, अनुशासन और सुव्यवस्था बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
शिविर का इंचार्ज जिला जज राजवीर सिंह ने निरीक्षण किया। उन्होंने स्काउट के टेंटों और खोए हुए बच्चों एवं बुजुर्गों से संबंधित रजिस्टर रिकॉर्ड का अवलोकन किया। उन्होंने वर्षों से मेले में स्काउट द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि स्काउट की 24 घंटे की सेवा के कारण मेला व्यवस्थित ढंग से संपन्न होता है। इनके प्रयासों से मेले में अनुशासन, सुरक्षा और सुव्यवस्था बनी रहती है तथा श्रद्धालुओं को असुविधा का सामना नहीं करना पड़ता। उन्होंने स्वयंसेवकों की पीठ थपथपाकर उनका उत्साहवर्धन किया।
स्काउट संस्था के प्रादेशिक वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं जिला मुख्यायुक्त एडवोकेट महेश चंद्र सक्सेना ने कहा कि युवाओं के शब्दकोश में असंभव जैसा कोई शब्द नहीं होता। उनमें हर कार्य को संभव कर दिखाने की सामर्थ्य होती है। भाजपा राज्यसभा सांसद धर्मपाल सिंह ने कहा कि युवा अपनी क्षमता और संकल्प से इतिहास बदलने की ताकत रखते हैं। देर रात पूर्व दर्जा राज्यमंत्री आबिद रजा ने भी शिविर का निरीक्षण कर स्काउट के सेवा कार्यों की सराहना की। वहीं पूर्व जिला मुख्यायुक्त डॉ. वीपी सिंह सोलंकी ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत कैंप फायर कार्यक्रम देखा।
जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि स्काउट की टीमें मेले के मुख्य मार्ग, गंगा तट, पूर्वी और पश्चिमी क्षेत्र, कोतवाली के समीप, बरेली मेला, कुर्मियान मेला, मीना बाजार और रोडवेज बस स्टैंड के आसपास तैनात की गई हैं। स्वयंसेवक खोए हुए बच्चों और बुजुर्गों को उनके परिजनों तक पहुंचाने के साथ श्रद्धालुओं को रास्ता बताने और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का कार्य कर रहे हैं। माइक के माध्यम से स्वच्छता, सावधानी और सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश भी लगातार दिए जा रहे हैं।
जिला संगठन कमिश्नर मोहम्मद असरार, डीटीसी सत्यपाल गुप्ता और स्काउट प्रशिक्षक नंदराम शाक्य के मार्गदर्शन में स्वयंसेवक सेवा कार्यों में जुटे हैं। शिक्षक सुरेश बाबू शाक्य, माधव सिंह, अनार सिंह शाक्य, राजकुमार और रवि प्रताप सिंह ने शिविर कार्यालय की जिम्मेदारी संभाली। कैंप फायर में स्काउट के बच्चों ने दहेज प्रथा, नशा उन्मूलन, सामाजिक कुरीतियों और वन संरक्षण पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर लोगों को जागरूक किया।
इस मौके पर महीपाल सिंह तोमर, सुरेश बाबू शाक्य, संतवीर, अंकित कुमार, सौरभ सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


























































































