सहसवान। समाजवादी पार्टी के संस्थापक, पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व रक्षा मंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की 87वीं जयंती रविवार को जुनावई क्षेत्र के कादराबाद गांव में धूमधाम से मनाई गई। सपा के वरिष्ठ नेता नईमुल हसन उर्फ लड्डन मियां के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में केक काटकर जयंती की खुशियां मनाई गईं। इस अवसर पर लड्डन मियां ने गरीबों, जरूरतमंदों, बुजुर्गों और अस्पताल में भर्ती मरीजों को कंबल एवं फल वितरित कर नेताजी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कादराबाद गांव स्थित मदरसे में मौलाना सकरुद्दीन, मौलाना रिहान और मदरसे के बच्चों ने कुरान की तिलावत की। इसके बाद मिठाई पर दुरूद-ए-फातिहा पढ़ी गई। सपा नेता नईमुल हसन उर्फ लड्डन मियां ने मदरसे के बच्चों को कैप वितरित कीं, जबकि बुजुर्ग महिलाओं और पुरुषों को मफलर देकर सम्मानित किया। इसके साथ ही सैकड़ों जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित किए गए।
इसके बाद लड्डन मियां क्षेत्रीय विधायक रामखिलाड़ी सिंह यादव के साथ जुनावई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। यहां उन्होंने भर्ती मरीजों को फल एवं कंबल वितरित किए और उनका हालचाल जाना। उन्होंने मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।
कार्यक्रम में सपा कार्यकर्ताओं ने मुलायम सिंह यादव की 87वीं जयंती पर केक काटा और एक-दूसरे को खिलाकर खुशी का इजहार किया। सपा नेता एवं गायिका अलका यादव ने गीतों के माध्यम से समाजवादी पार्टी के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाईं। वहीं गुरुकुल कोठरा से आए स्वामी कृष्ण मुनि एवं रंजीत कुमार आर्य ने किसान और जनहित से जुड़े गीत प्रस्तुत किए। उनके गीतों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों में उत्साह भर दिया।
इस अवसर पर सपा के वरिष्ठ नेता नईमुल हसन उर्फ लड्डन मियां ने कहा कि पीडीए के मतदाता आगामी चुनाव का इंतजार कर रहे हैं। जनता समाजवादी पार्टी के साथ खड़ी है और 2027 में पीडीए की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने हमेशा गरीबों, किसानों, नौजवानों और पिछड़े वर्गों के हितों के लिए संघर्ष किया। उनकी समाजवादी विचारधारा आज भी प्रासंगिक है। क्षेत्रीय विधायक रामखिलाड़ी सिंह यादव ने कहा कि नेताजी के कार्यकाल में पुलों और सड़कों का निर्माण, बिजली व्यवस्था में सुधार, रोजगार उपलब्ध कराने और गरीबों को आगे बढ़ाने के लिए अनेक विकास कार्य किए गए थे। उन्होंने मौजूदा सरकार पर भी निशाना साधा।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक रामखिलाड़ी सिंह यादव, सपा नेता नईमुल हसन उर्फ लड्डन मियां, गायिका अलका यादव, प्रधान स्वराज सिंह यादव, केपी यादव, प्रेमपाल सिंह, अलीशेर, डॉक्टर शानू, नजीर अली, नरेश गिरी, गिरीश कुमार, महिपाल सिंह, करण सिंह, जुनैद मियां, नजर अहमद, मास्टर नेक राम सिंह, मदनलाल सिंह, दिनेश कुमार शर्मा सहित बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे।


























































































