बदायूं। श्री गुरु नानक देव जी महाराज के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में रविवार को गुरुद्वारा जोगीपुरा के तत्वावधान में विशाल नगर कीर्तन एवं भव्य शोभायात्रा निकाली गई। पंज प्यारों की अगुवाई और श्री गुरु ग्रंथ साहिब महाराज की छत्रछाया में निकली शोभायात्रा में सिख समाज के लोगों के साथ ही बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। नगर कीर्तन के दौरान पूरा वातावरण गुरुवाणी, कीर्तन और वाहेगुरु के जयकारों से भक्तिमय हो गया। शोभायात्रा का शुभारंभ निशान साहिब को नया चोला पहनाने के बाद श्री गुरु ग्रंथ साहिब महाराज के चरणों में अरदास करके किया गया। सबसे आगे निशान साहिब सुशोभित रहा, जबकि पंज प्यारे नगर कीर्तन की अगुवाई करते हुए चल रहे थे। इसके बाद रणजीत नगाड़े की गूंज के बीच निहंग सिंहों ने अपने पारंपरिक शस्त्र कौशल का प्रदर्शन किया। अलीगढ़ के मीरी-पीरी अखाड़े और वीर सिंह गतका ग्रुप के सदस्यों ने हैरतअंगेज गतका करतब दिखाकर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। अमृतसर से आए पाइप बैंड ने शानदार धुनों की प्रस्तुति दी। नरसिंघा बजाकर वीरता और आजादी का घोष करने वाले भाई परमजीत सिंह ने भी अपनी प्रस्तुति से खूब प्रशंसा बटोरी। वहीं रुद्रपुर के रहमान ढोल की आकर्षक प्रस्तुति ने शोभायात्रा में उत्साह का रंग भर दिया। श्री गुरु नानक जूनियर हाईस्कूल के बच्चों ने पीटी, ब्लैक कमांडो और नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। माता सुंदरी ग्रुप के बच्चों ने भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सुखमनी सेवा सोसाइटी और गुरुकिरपा स्त्री सेवा सोसाइटी के सदस्यों ने संगत के साथ मिलकर गुरुवाणी कीर्तन का गायन किया। शिवदेवी सरस्वती इंटर कॉलेज के बच्चों ने भी नगर कीर्तन में प्रतिभाग कर आयोजन की शोभा बढ़ाई।
नगर कीर्तन शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा और स्वागत कर शोभायात्रा का अभिनंदन किया। राहगीरों और श्रद्धालुओं ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब महाराज के समक्ष शीश नवाकर आशीर्वाद लिया। विभिन्न स्थानों पर प्रसाद वितरण भी किया गया। शोभायात्रा पुनः गुरुद्वारा जोगीपुरा पहुंचकर संपन्न हुई, जहां विशाल लंगर का आयोजन किया गया। गुरुद्वारा जोगीपुरा के प्रधान सरदार प्रतिपाल सिंह दुआ ने आयोजन में सहयोग करने वाली संगत, संस्थाओं और सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।


























































































