बदायूं। गिन्दो देवी महिला महाविद्यालय के तत्वावधान में भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएसएसआर) द्वारा प्रायोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का भव्य शुभारंभ हुआ। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड सोसाइटी इन इंडिया विषय पर आयोजित इस संगोष्ठी में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और भारतीय समाज के विभिन्न आयामों पर व्यापक अकादमिक चर्चा की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ विशिष्ट अतिथि प्रोफेसर शरद धर शर्मा, मुख्य अतिथि प्रोफेसर संजय तिवारी, पूर्व प्राचार्या प्रोफेसर गार्गी बुलबुल तथा महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर इंदु शर्मा ने मां सरस्वती के समक्ष संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. इंदु शर्मा के निर्देशन तथा समाजशास्त्र विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. इति अधिकारी के संयोजन में आयोजित संगोष्ठी का उद्देश्य कृत्रिम बुद्धिमत्ता के सामाजिक, शैक्षिक, आर्थिक, सांस्कृतिक और नैतिक पहलुओं पर शोधपरक चर्चा को प्रोत्साहित करना है।
विशिष्ट अतिथि प्रोफेसर शरद धर शर्मा ने कहा कि यह राष्ट्रीय संगोष्ठी भारतीय सामाजिक परिप्रेक्ष्य में कृत्रिम बुद्धिमत्ता की भूमिका, संभावनाओं, चुनौतियों और उसके व्यापक प्रभावों पर सार्थक अकादमिक विमर्श का मंच प्रदान करेगी। वहीं प्रोफेसर गार्गी बुलबुल ने शिक्षा, नवाचार और शोध के क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपयोग के साथ उससे जुड़ी चुनौतियों पर प्रकाश डाला।
संगोष्ठी के प्रथम दिवस विभिन्न महाविद्यालयों के शिक्षकों एवं शोधार्थियों ने ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से अपने शोधपत्र प्रस्तुत किए। प्रथम एवं द्वितीय सत्र में रिसोर्स पर्सन के रूप में प्रोफेसर संजय तिवारी, प्रोफेसर शरद धर शर्मा, डॉ. अश्वनी कुमार, प्रोफेसर मनीष वर्मा और डॉ. बेनेट ने अपने विचार साझा किए।
प्राचार्या प्रोफेसर इंदु शर्मा ने कहा कि महाविद्यालय ज्ञान, शोध, नवाचार और विचारों के आदान-प्रदान के लिए निरंतर महत्वपूर्ण अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में अग्रसर है। उन्होंने संगोष्ठी की संयोजिका डॉ. इति अधिकारी को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
कार्यक्रम का संयुक्त संचालन अंग्रेजी विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर सुश्री अवनिशा वर्मा तथा राजकीय संघटक महाविद्यालय की डॉ. शुभ्रा माहेश्वरी ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय का समस्त परिवार उपस्थित रहा।


























































































