बदायूं। रुहेलखंड का सुप्रसिद्ध मिनी कुंभ मेला ककोड़ा इन दिनों श्रद्धा, भक्ति और सनातन संस्कृति के रंग में पूरी तरह रंगा नजर आ रहा है। गंगा के किनारे सफेद रेतीली जमीन पर तंबुओं का विशाल शहर बस चुका है। दूर-दराज के जनपदों और प्रदेशों से पहुंच रहे श्रद्धालुओं के कारण मेला परिसर में रौनक लगातार बढ़ रही है। इस बार मेले का विस्तार पश्चिमी दिशा में भी काफी दूर तक हो गया है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने अपने तंबू लगाए हैं।
मेले में देवोत्थान एकादशी का पर्व भी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की। पर्व को लेकर सिंघाड़े और शकरकंदी की दुकानों पर विशेष रौनक रही। श्रद्धालुओं ने परंपरा के अनुसार सिंघाड़े, शकरकंदी के साथ गन्ने की भी जमकर खरीदारी की। भोर होते ही गंगा तट पर स्नान करने वालों की भीड़ जुटने लगती है। हर-हर गंगे के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठता है।
श्रद्धालु अपने निजी वाहनों, ट्रैक्टर-ट्रॉलियों, टेंपो, कारों, मोटरसाइकिलों और साइकिलों से मेले में पहुंच रहे हैं। कई श्रद्धालु पैदल यात्रा कर भी गंगा तट तक आ रहे हैं। गंगा में जलस्तर अपेक्षाकृत कम होने के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं है। गंगा तट पर दीपदान, पुष्प अर्पण और पूजा-अर्चना का सिलसिला जारी है। साधु-संतों और महात्माओं के आगमन से मेले की धार्मिक महत्ता और बढ़ गई है।
मेले में मीना बाजार गुलजार है। महिलाएं श्रृंगार, घरेलू उपयोग और सजावट का सामान खरीद रही हैं, वहीं बच्चों के लिए झूले, खिलौने, मौत का कुआं और जादू के खेल आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। मिठाइयों और खानपान की दुकानों पर भी खूब भीड़ उमड़ रही है। जलेबी, पेठा, खजला, पूड़ी-सब्जी और देसी व्यंजनों का श्रद्धालु आनंद ले रहे हैं। शाम होते ही रंगीन रोशनी से जगमगाते तंबू और बाजार मेले की सुंदरता में चार चांद लगा देते हैं। भजन-कीर्तन और धार्मिक आयोजनों से वातावरण आध्यात्मिक बना हुआ है। वहीं मेले का मुख्य प्रवेश द्वार भी तैयार किया जा रहा है।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए इस बार विशेष इंतजाम किए गए हैं। मेला परिसर में घुड़सवार पुलिस की तैनाती की गई है। इसके अलावा पीएसी के जवान भी सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं। पुलिस बल लगातार गश्त कर रहा है और प्रशासनिक अधिकारी व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। चिकित्सा दल और आपातकालीन सेवाओं को भी सक्रिय रखा गया है।
शासन और प्रशासन की ओर से मेला परिसर में स्वच्छता बनाए रखने की अपील की गई है। श्रद्धालुओं से मांस-मदिरा और पॉलिथीन का प्रयोग नहीं करने तथा गंगा और मेला क्षेत्र को स्वच्छ रखने का आग्रह किया गया है। इसके साथ ही मेले में जुआ खेलने वालों पर भी इस बार सख्ती से अंकुश लगाने की तैयारी है। कुल मिलाकर मिनी कुंभ मेला ककोड़ा में आस्था, धर्म, संस्कृति और लोक परंपराओं का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है।


























































































