बरेली। जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी बरेली के संयुक्त तत्वावधान में आज वोट चोर गद्दी छोड़, वोट बचाओ अभियान के तहत एक कार्यशाला एवं चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ब्रज प्रांत के शहर प्रभारी कुणाल चौधरी उपस्थित रहे। वहीं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक तरुण त्यागी ने भी विशेष रूप से सहभागिता की। चौपाल की अध्यक्षता महानगर कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश दद्दा ने की।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि कुणाल चौधरी ने कहा कि आज की लड़ाई केवल वोट बचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश के वंचितों, गरीबों, किसानों, महिलाओं की सुरक्षा, छात्रों के भविष्य और युवाओं के रोजगार को बचाने की लड़ाई भी है। भारतीय जनता पार्टी की नीतियों से समाज का हर वर्ग प्रभावित हो रहा है। ऐसे में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे जनता के बीच जाकर लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष करें। देश को बचाने के लिए कांग्रेस को मजबूती के साथ आगे आना होगा।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक तरुण त्यागी ने कहा कि आज देश की जनता कांग्रेस की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रही है। ऐसे समय में कार्यकर्ताओं को कोई भी मोर्चा खाली नहीं छोड़ना चाहिए। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करते हुए पूरी मेहनत और जिम्मेदारी के साथ अभियान को आगे बढ़ाना होगा।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष असफाक सकलानी ने कहा कि ब्लॉक स्तर से लेकर न्याय पंचायत तक कांग्रेस का कार्यकर्ता पूरी मेहनत और लगन से काम कर रहा है। कार्यकर्ताओं की यह मेहनत निश्चित रूप से रंग लाएगी। देश के लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए कांग्रेस को सत्ता में लाना जरूरी है।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश दद्दा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने आजादी के बाद देश को विकास की राह पर आगे बढ़ाने का काम किया है। देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने में कांग्रेस का ऐतिहासिक योगदान रहा है। कांग्रेस पार्टी आगे भी देश को प्रगति के रास्ते पर ले जाने का काम करेगी। चौपाल के बाद वीर सावरकर नगर स्थित कैंप करले का उद्घाटन भी कुणाल चौधरी ने किया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से कांग्रेस प्रवक्ता पंडित राज शर्मा, प्रेम प्रकाश अग्रवाल, अजय शुक्ला, युवा प्रदेश अध्यक्ष पारस शुक्ला, कृष्णकांत शर्मा, देवेंद्र श्रीवास्तव, रमेश श्रीवास्तव, तबस्सुम, योगेश जौहरी, यूसुफ जारीवाले, राजा राम साहू, आदर्श गुप्ता, ताराचंद चौधरी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
वोट चोर गद्दी छोड़ अभियान को लेकर जिला एवं महानगर कांग्रेस की कार्यशाला आयोजित

6.2K views

























































































