बदायूं। लौह महिला एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय इंदिरा गांधी की 109वीं जयंती पर गुरुवार को शहर कांग्रेस कमेटी के परशुराम चौक स्थित कार्यालय पर पुष्पांजलि सभा आयोजित की गई। शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मुन्नालाल सागर की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेसजनों ने इंदिरा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला अस्पताल पहुंचकर मरीजों को फल वितरित किए।
पुष्पांजलि सभा में मुख्य वक्ता जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व महासचिव ओमकार सिंह ने इंदिरा गांधी से जुड़ा बदायूं का पुराना संस्मरण साझा किया। उन्होंने बताया कि 1980 के दशक में इंदिरा गांधी की इस्लामिया इंटर कॉलेज के मैदान में चुनावी सभा प्रस्तावित थी। लगातार चुनावी सभाओं के चलते वह निर्धारित समय पर बदायूं नहीं पहुंच सकीं और सुबह करीब चार बजे यहां पहुंचीं। इसके बाद सभा का समय सुबह 10 बजे निर्धारित किया गया। ओमकार सिंह ने बताया कि उस रात सभा में शामिल होने आए लोग इंदिरा गांधी को सुनने के उत्साह में मैदान में ही रुके रहे। युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने तत्कालीन विधायक स्वर्गीय अबरार भाई के नेतृत्व में लकड़ियों की व्यवस्था की और लोगों ने रातभर अलाव तापकर समय बिताया। सुबह करीब 11 बजे इंदिरा गांधी को सुनने के बाद ही लोग वहां से रवाना हुए।
उन्होंने कहा कि उस दौर में इंदिरा गांधी को प्रियदर्शिनी के नाम से भी जाना जाता था। उन्हें देखने और सुनने के लिए लोगों में जबरदस्त उत्साह रहता था। उनकी जयंती पर कांग्रेसजनों को देश की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए उनके बताए सिद्धांतों पर चलने का संकल्प लेना चाहिए। यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मुन्नालाल सागर ने कहा कि इंदिरा गांधी ने दलितों और वंचितों के हित में अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए। समाज में दलितों की प्रतिष्ठा और पहचान को मजबूत करने में उनके योगदान को सदैव याद किया जाएगा।
सभा को जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष सुरेश राठौड़, जिला कांग्रेस शिक्षक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मुकेश बाबू शर्मा, समाजसेवी विनोद यादव और जिला कांग्रेस कमेटी के सचिव वीरपाल सिंह यादव ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने इंदिरा गांधी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संचालन जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव इगलास हुसैन ने किया। इस दौरान शहर कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष नरेश पाल शर्मा, महासचिव नूर सभा, समीम खान, अल्पसंख्यक कांग्रेस के प्रदेश सचिव जाविर जैदी, वरिष्ठ अधिवक्ता सुभाष यादव, हसन खां, श्याम कुमार सिंह, शराफत हुसैन, प्रेमपाल, राम प्रकाश सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


























































































