बरेली। आंवला थाना क्षेत्र के रामनगर में खाद्य विभाग का अधिकारी बनकर मिठाई दुकानदार से अवैध वसूली करने का मामला सामने आया है। सफेद रंग की अर्टिगा कार से पहुंचे चार लोगों ने खुद को खाद्य विभाग का अधिकारी बताकर मिठाई में मिलावट की शिकायत मिलने का हवाला दिया और कार्रवाई का डर दिखाकर दुकानदार से 10 हजार रुपये की मांग की। आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने दुकानदार से दो हजार रुपये वसूल भी कर लिए। हालांकि, दुकानदार की सतर्कता और सूझबूझ के चलते चारों आरोपी मौके पर ही पकड़ लिए गए। गिरफ्तार आरोपियों में एक पूर्व तहसीलदार भी शामिल बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, रामनगर स्थित ओमप्रकाश स्वीट के संचालक अजय कुमार गुप्ता की दुकान पर अर्टिगा कार से चार लोग पहुंचे। कार के आगे और पीछे अंग्रेजी में PCS लिखा हुआ था और उसमें हूटर भी लगा था। दुकान पर पहुंचकर चारों ने खुद को खाद्य विभाग का अधिकारी बताते हुए मिठाइयों के नमूने लेने की बात कही। साथ ही दुकान में मिलावटी मिठाई बिकने की शिकायत मिलने का हवाला देकर दुकानदार को कार्रवाई की धमकी दी। आरोप है कि कार्रवाई का भय दिखाकर दुकानदार से 10 हजार रुपये मांगे गए और दो हजार रुपये वसूल लिए गए। इसी दौरान आरोपियों ने दुकानदार को फोन पर मिस्ड कॉल दी। दुकानदार ने जब मोबाइल पर नंबर को ट्रूकॉलर पर चेक किया तो उस पर पुलिस की वर्दी पहने व्यक्ति की तस्वीर दिखाई दी। इससे दुकानदार को पूरे मामले पर शक हो गया। दुकानदार ने घबराने के बजाय सूझबूझ दिखाई और आसपास मौजूद राहगीरों की मदद से चारों को मौके पर ही रोक लिया। बाद में उन्हें रामनगर पुलिस चौकी के सुपुर्द कर दिया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान राजीव उपाध्याय निवासी सर्वोदय नगर बरेली, मुकेश यादव निवासी भमौरा, सुनीत कुमार उपाध्याय और रजनेश निवासी सुभाषनगर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी राजीव उपाध्याय पूर्व में तहसीलदार रह चुका है और उसकी तैनाती आंवला तहसील में भी रही थी। घटना के बाद क्षेत्र में फर्जी अधिकारी बनकर वसूली करने के मामले को लेकर चर्चा है। पुलिस चारों आरोपियों से पूछताछ कर पूरे प्रकरण की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
बरेली में खाद्य विभाग का फर्जी अधिकारी वसूली करते पकड़ा गया, पूर्व तहसीलदार समेत चार गिरफ्तार

6.5K views

























































































