उझानी। ए.पी.एस. इंटरनेशनल स्कूल में दीपावली का पर्व हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को रंग-बिरंगी झालरों और आकर्षक सजावट से भव्य रूप दिया गया। विद्यार्थियों ने अपने हाथों से सुंदर हस्तनिर्मित दीये बनाकर प्रदर्शित किए। वहीं, रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भारतीय संस्कृति और दीपावली के महत्व को खूबसूरती से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विद्यालय के चेयरमैन एवं पूर्व राज्य मंत्री विमल कृष्ण अग्रवाल, चेयरपर्सन एवं नगर पालिका परिषद उझानी की अध्यक्ष पूनम अग्रवाल, निदेशक निलांशु अग्रवाल और निदेशिका नंदिता अग्रवाल रहे। रिधिमा थरेजा और शिल्पी ने बुके भेंटकर अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद क्रिस और माला गुप्ता ने गणेश वंदना प्रस्तुत की। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कक्षा एनसी से कक्षा चार तक के विद्यार्थियों ने सिम्मी के निर्देशन में मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए। नर्सरी से यूकेजी तक के बच्चों ने हैप्पी दिवाली की आकर्षक प्रस्तुति दी। कक्षा एक के विद्यार्थियों ने ‘जिद पर आ गई पार्वती’ तथा कक्षा दो और तीन के विद्यार्थियों ने ‘राम आएंगे’ गीत पर मनभावन प्रस्तुतियां दीं। कक्षा चार के बच्चों ने ‘शुभ दिन आयो रे’ की भावपूर्ण प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया। इसके अलावा अंशु और माला के निर्देशन में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। कक्षा पांच से आठ तक के विद्यार्थियों ने विवेक, प्रिया और गीतांजलि के निर्देशन में शानदार नृत्य प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। दीपोत्सव के अवसर पर विद्यार्थियों को उझानी के कुम्हार के यहां भ्रमण कराया गया, जहां उन्होंने मिट्टी से निर्मित वस्तुओं को बनाने की कला और उनकी उपयोगिता को समझा। इसके बाद विद्यार्थियों ने गरीब बस्ती में पहुंचकर जरूरतमंद बच्चों को दीपावली के उपहार और उपयोगी वस्तुएं वितरित कीं। उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। यह पहल रिधिमा चरेजा और साकेव राजा के निर्देशन में संपन्न हुई। विद्यालय में रिधिमा चरेजा की देखरेख में केक डेकोरेशन वर्कशॉप भी आयोजित की गई। इस दौरान अंतर-सदन रंगोली प्रतियोगिता में चारों सदनों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। आकर्षक रंगोलियों ने निर्णायक मंडल को प्रभावित किया। प्रतियोगिता में सैफायर हाउस ने प्रथम, टोपाज और एमराल्ड हाउस ने संयुक्त रूप से द्वितीय तथा रूबी हाउस ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाचार्य रविंदर भट्ट ने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए सुरक्षित और आनंदमय दीपावली मनाने का संदेश दिया। साथ ही बच्चों को बड़ों की निगरानी में ही पटाखे चलाने की सलाह दी।


























































































