बदायूं। कैपिटल पब्लिक स्कूल बदायूं में दीपावली का पर्व हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में विभिन्न रचनात्मक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कक्षा एनसी से कक्षा दो तक के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने दीयों और मोमबत्तियों को आकर्षक रंगों से सजाया। वहीं कुछ बच्चों ने सुंदर दीपावली ग्रीटिंग कार्ड और बंदनवार बनाकर अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कक्षा तीन से कक्षा आठ तक के विद्यार्थियों ने अपने-अपने हाउस की ओर से आकर्षक रंगोलियां बनाईं। रंग-बिरंगे रंगों से सजी इन रंगोलियों ने सभी का मन मोह लिया। बच्चों की रचनात्मकता और कलात्मक अभिव्यक्ति देखते ही बन रही थी। इस दौरान रंगोली के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। बताया गया कि शुभ अवसरों पर रंगोली बनाना सौभाग्य और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। यह सकारात्मक ऊर्जा, सद्भाव और खुशहाली का संदेश भी देती है। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्य मीनू सिंह ने विद्यार्थियों को दीपावली के धार्मिक, ऐतिहासिक और पौराणिक महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दीपावली पांच दिनों तक मनाया जाने वाला प्रमुख त्योहार है, जिसकी शुरुआत धनतेरस से होती है और समापन भाई दूज पर होता है। यह पर्व प्रत्येक वर्ष कार्तिक मास की अमावस्या को मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि भगवान श्रीराम 14 वर्ष का वनवास पूरा करने के बाद जब अयोध्या लौटे थे, तब उनके स्वागत में अयोध्यावासियों ने पूरी नगरी को दीपों से सजाया था। तभी से दीपावली मनाने की परंपरा चली आ रही है। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण द्वारा नरकासुर के वध, समुद्र मंथन के दौरान माता लक्ष्मी एवं भगवान धन्वंतरि के प्राकट्य तथा अन्य पौराणिक मान्यताओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि दीपावली केवल दीप जलाने और खुशियां मनाने का पर्व नहीं है, बल्कि यह अज्ञानता, निराशा और नकारात्मकता के अंधकार को दूर कर ज्ञान, प्रकाश और सकारात्मकता अपनाने का संदेश देता है। माता लक्ष्मी की पूजा भौतिक समृद्धि के साथ-साथ आत्मिक शांति और खुशहाली का भी प्रतीक है। अंत में प्रधानाचार्य मीनू सिंह ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए पर्व को प्रेम, सद्भाव और उत्साह के साथ मनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में ममता सक्सेना, अमित जीहरी, पूनम यादव, रश्मि रानी, शीतेश गुप्ता, रूपा सक्सेना, प्रियंका भटनागर, दिव्या सिंह, कुमकुम, दीक्षा यादव, वंदना सहित विद्यालय के समस्त स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।
कैपिटल पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मनाई दीपावली, बच्चों ने सजाए दीप और बनाई आकर्षक रंगोलियां

6.3K views

























































































