बदायूं। दीपावली के पावन पर्व से पहले बदायूं जनपद को विकास की बड़ी सौगात मिली है। एमएलसी बागीश पाठक के निरंतर प्रयासों और जनहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के चलते जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में सड़क निर्माण, विशेष मरम्मत और लघु सेतु से जुड़े कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों को शासन से स्वीकृति मिल गई है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से हजारों ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी और लंबे समय से चली आ रही सड़क संबंधी समस्याओं से निजात मिलेगी। शासन से स्वीकृत विकास कार्यों में खुकड़ी से अमरौली मार्ग, डहरपुर मार्ग से छछऊ मार्ग, सैजनी-हजरतपुर-मयाऊं मार्ग से अभयपुर वाया बखतपुर मार्ग सहित चापरकौरा से आनंदपुर मार्ग स्थित लघु सेतु पर लगभग 200 मीटर रिटेनिंग वॉल का निर्माण कार्य शामिल है। इन मार्गों के निर्माण एवं विशेष मरम्मत से ग्रामीण क्षेत्रों की सड़क कनेक्टिविटी बेहतर होगी। वहीं लघु सेतु पर रिटेनिंग वॉल बनने से संबंधित क्षेत्र में आवागमन की सुरक्षा और सुविधा को मजबूती मिलेगी। एमएलसी बागीश पाठक ने इन विकास कार्यों की स्वीकृति पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बदायूं जनपद के प्रत्येक क्षेत्र का समग्र विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़कें और मजबूत आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता है। प्रदेश सरकार के नेतृत्व में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्यों को गति दी जा रही है। उन्होंने कहा कि दीपावली से पूर्व इन विकास कार्यों की स्वीकृति जनपदवासियों के लिए बड़ी सौगात है। उनका प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की समस्याओं का समाधान हो और विकास की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। वहीं, इन परियोजनाओं की स्वीकृति से क्षेत्रीय लोगों में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और एमएलसी बागीश पाठक का आभार जताते हुए कहा कि सड़कों के बेहतर होने से किसानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने, विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज जाने और आम नागरिकों को आवागमन में काफी सहूलियत मिलेगी। साथ ही व्यापारिक गतिविधियों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा। दीपावली से पहले मिली यह विकास की सौगात बदायूं के ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
एमएलसी बागीश पाठक के प्रयास रंग लाए,दीपावली से पहले बदायूं को विकास की बड़ी सौगात, कई सड़कों और लघु सेतु के निर्माण को मिली मंजूरी

6.4K views

























































































