दातागंज।नगर पालिका परिषद दातागंज में गुरुवार को आयोजित भव्य समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के नगर विकास राज्य मंत्री राकेश कुमार राठौर गुरु और दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह बब्बू भैया ने संयुक्त रूप से दानवीर भामाशाह की प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान कान्हा गौशाला और शिव मंदिर हॉल का भी विधि-विधान से लोकार्पण कर उन्हें जनता को समर्पित किया गया। समारोह में जनप्रतिनिधियों ने पूजा-अर्चना के बाद विकास कार्यों को जनता के लिए उपयोगी बताते हुए क्षेत्र के समग्र विकास पर जोर दिया। नगर में कराए जा रहे इन कार्यों को सामाजिक, धार्मिक और जनकल्याणकारी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया। नगर विकास राज्य मंत्री राकेश कुमार राठौर गुरु ने दातागंज में कराए जा रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार की प्राथमिकताओं के अनुरूप नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में समग्र विकास कराया जा रहा है। उन्होंने विकास कार्यों में पारदर्शिता और जनसुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया। विधायक राजीव कुमार सिंह बब्बू भैया ने कहा कि दातागंज विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास कराना और जन-जन तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि दानवीर भामाशाह का जीवन त्याग, निष्ठा, राष्ट्रभक्ति और समर्पण का अनुपम उदाहरण है। उनका व्यक्तित्व आने वाली पीढ़ियों को समाज और राष्ट्र की सेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा। विधायक ने कहा कि कान्हा गौशाला के निर्माण से गोवंश के संरक्षण और संवर्धन को बढ़ावा मिलेगा। वहीं, शिव मंदिर हॉल के लोकार्पण से नगरवासियों को धार्मिक और सामाजिक आयोजनों के लिए सुविधाजनक स्थान उपलब्ध हो। कार्यक्रम में पूर्व दर्जा राज्य मंत्री हीरालाल कश्यप, भाजपा ब्रज क्षेत्र के क्षेत्रीय मंत्री महेश राठौर, भाजपा अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष तेजपाल सागर, ब्लॉक प्रमुख अतेंद्र विक्रम सिंह, नगर पालिका परिषद दातागंज के चेयरमैन प्रतिनिधि अनूप कुमार गुप्ता सहित भाजपा के विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष, सभासद, व्यापारी, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, पत्रकार और बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे।
दातागंज में दानवीर भामाशाह की प्रतिमा का अनावरण, कान्हा गौशाला व शिव मंदिर हॉल जनता को समर्पित

8.1K views

























































































