दातागंज। पं. दीन दयाल उपाध्याय सरस्वती मेमोरियल इंटर कॉलेज, विल्हारी में कृषि विभाग की ओर से त्वरित मक्का विकास कार्यक्रम योजनांतर्गत एक दिवसीय किसान मेला एवं फसल अवशेष (पराली) प्रबंधन जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक राजीव कुमार सिंह ‘बब्बू भैया’ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
विधायक ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि किसान देश की रीढ़ हैं और उनके अथक परिश्रम से ही राष्ट्र समृद्ध होता है। उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने तथा उनके जीवन स्तर में सुधार के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से कार्य कर रही है। किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, उन्नत बीज तथा वैज्ञानिक तरीके से मक्का की खेती अपनाने पर जोर दिया गया।
उन्होंने किसानों से खेतों में पराली न जलाने की अपील करते हुए कहा कि पराली जलाने से मिट्टी की उर्वरा शक्ति प्रभावित होने के साथ ही पर्यावरण को भी नुकसान पहुंचता है। किसानों को पराली प्रबंधन के लिए आधुनिक कृषि यंत्रों का प्रयोग कर फसल अवशेष का उचित निस्तारण करना चाहिए।
कार्यक्रम में कृषि विभाग की ओर से किसानों को अनुदान पर कृषि यंत्र भी वितरित किए गए। एसएमएएम योजना के तहत फार्म मशीनरी बैंक के रूप में भटौली फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के अंकित को अनुदानित ट्रैक्टर प्रदान किया गया। वहीं पराली प्रबंधन के लिए ग्राम बछिलिया पुख्ता निवासी वीरवती पत्नी कल्लू को अनुदान पर राउंड बेलर उपलब्ध कराया गया।
कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों ने किसानों को संतुलित खाद के प्रयोग, फसल सुरक्षा, मक्का की वैज्ञानिक खेती तथा पराली प्रबंधन के विभिन्न उपायों की जानकारी दी। अधिकारियों ने किसानों की कृषि संबंधी समस्याओं का समाधान भी किया।
इस अवसर पर उप कृषि निदेशक मनोज कुमार, जिला कृषि अधिकारी मनोज रावत, एसडीएम दातागंज विनोद कुमार सिंह, खंड विकास अधिकारी दातागंज, कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों सहित कृषि एवं राजस्व विभाग के जिला व तहसील स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया और कृषि प्रदर्शनी का अवलोकन कर विशेषज्ञों से जानकारी प्राप्त की।
दातागंज में किसान मेला व पराली प्रबंधन संगोष्ठी हुई, विधायक ने कहा कृषि तकनीक से बढ़ेगी किसानों की आय

7K views

























































































