म्याऊं। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विकासखंड म्याऊं में आयोजित आंगन मिलन समारोह में कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों में उत्साह दिखाई दिया। कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. शैलेश पाठक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने उनका उत्साहपूर्वक स्वागत एवं अभिनंदन किया। समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. शैलेश पाठक ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि जरूरतमंद लोगों तक पहुंचकर उनकी समस्याओं को समझना और उनके समाधान में सहयोग करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि जनसेवा को केवल आयोजनों तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए। कार्यकर्ता लगातार जनता के बीच रहें, लोगों से संवाद करें और पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करें। उन्होंने संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने तथा समाज के विभिन्न वर्गों से निरंतर संपर्क बनाए रखने पर भी जोर दिया।
डॉ. शैलेश पाठक ने कहा कि कार्यकर्ता ही संगठन और जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को सेवा, संवाद और जनसंपर्क को अपनी प्राथमिकता बनाते हुए क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को सुनना और उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों तक बात पहुंचाना भी जनसेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। कार्यक्रम में महिला मोर्चा की क्षेत्रीय मंत्री रजनी मिश्रा तथा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष सलोनी पाठक सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। समारोह के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए आपसी संवाद किया गया। आंगन मिलन समारोह में सामाजिक सहभागिता, जनसंपर्क और सेवा कार्यों को मजबूत करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में हरिशंकर मिश्र, देवेंद्र राजपूत, राज कश्यप, राजीव दुबे समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, ब्लॉक कर्मी एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
हर घर तक पहुंच रहा सरकारी योजनाओं का लाभ, जनसेवा को कार्यक्रमों तक सीमित नही रखें : डॉ. शैलेश पाठक

6.9K views

























































































