बदायूं। स्काउट भवन प्रशिक्षण केंद्र पर भारत स्काउट और गाइड संस्था की ओर से माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं के लिए एक दिवसीय बिगनर्स कोर्स का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को स्काउटिंग आंदोलन के उद्देश्य, दल के गठन एवं संचालन, पंजीकरण, नवीनीकरण तथा विद्यार्थियों के प्रगतिशील प्रशिक्षण की विस्तृत जानकारी दी गई। स्काउट संस्था के प्रादेशिक वरिष्ठ उपाध्यक्ष महेश चंद्र सक्सेना ने कहा कि शिक्षक बच्चों को संस्कारित कर उनके भीतर ज्ञान और व्यक्तित्व विकास की अद्भुत शक्ति प्रदान करता है। शिक्षक द्वारा दिए गए संस्कार वर्षों बाद भी विद्यार्थी के जीवन में मार्गदर्शक बनकर साथ चलते हैं। उन्होंने कहा कि स्काउटिंग बच्चों की अंतर्निहित प्रतिभा को निखारने के साथ उन्हें जिम्मेदार और कर्तव्यनिष्ठ नागरिक बनने की दिशा प्रदान करती है।
जिला संगठन कमिश्नर मु. असरार ने स्काउटिंग आंदोलन के गौरवशाली इतिहास, दल के पंजीकरण एवं नवीनीकरण, अधिकार पत्र, उद्देश्य और सेवा परंपरा पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्काउटिंग विद्यार्थियों में जिम्मेदारी, संवेदनशीलता और कर्तव्यपरायणता की भावना विकसित करती है। जिला स्काउट प्रशिक्षक नंदराम शाक्य ने प्रशिक्षणार्थियों को स्काउटिंग की आधारभूत गतिविधियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। उन्होंने सैल्यूट, बायां हाथ मिलाना, स्काउट नियम, प्रतिज्ञा और अनुशासन से जुड़ी गतिविधियों का अभ्यास कराया।
पूर्व जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने कब मास्टर, स्काउट मास्टर एवं रोवर लीडर के प्रशिक्षण तथा स्काउट-गाइड के प्रगतिशील प्रशिक्षण की प्रक्रिया समझाई। उन्होंने प्रदेश स्तरीय तृतीय सोपान, राज्य पुरस्कार और राष्ट्रपति पुरस्कार तक पहुंचने की प्रक्रिया पर विस्तार से प्रकाश डाला। कहा कि सुनियोजित प्रशिक्षण विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना और चुनौतियों का सामना करने का साहस पैदा करता है। प्रशिक्षण के दौरान शिक्षक-शिक्षिकाओं ने अपने दलों का पंजीकरण एवं नवीनीकरण भी कराया। स्काउटिंग के माध्यम से विद्यार्थी प्रदेश स्तरीय तृतीय सोपान, राज्य पुरस्कार और राष्ट्रपति पुरस्कार जैसी उपलब्धियां हासिल करने के साथ राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय जंबूरी में प्रतिभाग कर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाते हैं। इस अवसर पर मीरा रानी, अंजू, निधि कटिहार, संतोष कुमार, मदन सिंह, पूनम, निदा साजिद, विजय कुमार, रेनू गुप्ता, पुष्पा दिवाकर, रचना सक्सेना, रजनी कुमारी, कुलदीप सिंह गहलोत, वीरेंद्र सिंह आदि शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।
माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं को दिया बिगनर्स कोर्स का प्रशिक्षण

6.8K views

























































































