बदायूं। मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला की पहल पर ‘उमंग एक पहचान’ कार्यक्रम के तहत आयोजित शैक्षिक एवं जीवन कौशल आधारित प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को मंगलवार को सम्मानित किया गया। डायट स्थित ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में 65 विजेता प्रतिभागियों को कुल 1,20,500 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। विजेता बच्चों के साथ उनके अध्यापकों एवं अभिभावकों को भी फूलमाला पहनाकर, प्रशस्ति पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह का शुभारंभ सदर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता, एमएलसी बागीश पाठक के प्रतिनिधि शारदेंदु पाठक एवं मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया। केजीबीबी जगत की छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत कार्यक्रम की मनमोहक प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम में बताया गया कि बच्चों की प्रतिभा को निखारने और उनमें जीवन कौशल विकसित करने के उद्देश्य से जनपद के परिषदीय प्राथमिक, उच्च प्राथमिक एवं संविलियन विद्यालयों में विभिन्न कक्षा स्तरों पर प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यालय स्तर की प्रतियोगिताएं 7 से 11 सितंबर, ब्लॉक स्तर की प्रतियोगिताएं 18 सितंबर तथा जनपद स्तरीय प्रतियोगिताएं 23 सितंबर को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान बदायूं में आयोजित हुईं। छात्र-छात्राओं ने प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्राथमिक स्तर पर कहानी सुनाओ, अंग्रेजी डिक्टेशन, सामान्य ज्ञान सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं हुईं, जबकि उच्च प्राथमिक स्तर पर हिंदी एवं अंग्रेजी भाषण, वाद-विवाद, अंग्रेजी डिक्टेशन और सामान्य ज्ञान समेत कई प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। कक्षा एक से तीन तक के छात्र-छात्राओं को ब्लॉक स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में पूर्व में सम्मानित किया जा चुका है। शेष जनपद स्तरीय विजेताओं को मंगलवार को सम्मानित किया गया। समारोह में 11 प्रथम विजेताओं को पांच-पांच हजार रुपये, 11 द्वितीय विजेताओं को तीन-तीन हजार रुपये तथा 11 तृतीय विजेताओं को 1,500-1,500 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई। इसके अलावा 32 छात्र-छात्राओं को सांत्वना पुरस्कार के रूप में 500-500 रुपये प्रदान किए गए। इस प्रकार कुल 65 प्रतिभागियों को 1,20,500 रुपये की प्रोत्साहन राशि मिली। एमएलसी प्रतिनिधि शारदेंदु पाठक एवं सीडीओ गामिनी सिंगला ने कहा कि प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर बेसिक शिक्षा के बच्चों ने अपनी प्रतिभा और क्षमता की पहचान बनाई है। उन्होंने बच्चों से निरंतर प्रयास करने, लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने और सफलता के लिए मेहनत जारी रखने का आह्वान किया। अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में भी विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच देने के लिए इस प्रकार की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती रहेंगी। इस अवसर पर बीएसए नवीन कुमार सहित समस्त खंड शिक्षा अधिकारी, एसआरजी एवं एआरपी मौजूद रहे।
उमंग एक पहचान में प्रतिभाओं को मिला सम्मान,65 विजेता छात्र-छात्राओं को बांटी गई 1.20 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि

665 views

























































































