बरेली। समस्त खत्री महासभा (ऑल इंडिया) की कार्यकारिणी बैठक बरेली में आयोजित की गई। बैठक में समाज की राजनीतिक सक्रियता, शिक्षा तथा सामाजिक समानता को प्रमुखता देने संबंधी प्रस्तावों पर चर्चा हुई, जिन्हें सर्वसम्मति से पारित किया गया। महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनंत अरोड़ा ने बताया कि समस्त खत्री महासभा वर्तमान में 14 राज्यों में सक्रिय रूप से कार्य कर रही है और करीब 97 शहरों में समाज को अपनी सेवाएं प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य समाज को एकजुट करते हुए शिक्षा, सामाजिक विकास और राजनीतिक भागीदारी के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि इसी क्रम में 28 सितंबर को रात 8 बजे होटल रमाडा, बरेली में खत्री जाति रत्न सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मानित किया जाएगा। इनमें महाराष्ट्र से भजन सम्राट अनूप जलोटा, दिल्ली से पद्मश्री एवं पद्मविभूषण डॉ. अशोक सेठ तथा बरेली के नाथनगर स्थित सिद्धिविनायक ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन अनुपम कपूर को खत्री जाति रत्न सम्मान प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम के संयोजक खत्री सौरभ मेहरोत्रा तथा सह-संयोजक खत्री विशाल मेहरोत्रा बनाए गए हैं। संयोजक सौरभ मेहरोत्रा ने बताया कि समारोह में विभिन्न सामाजिक संगठनों को भी सम्मानित किया जाएगा। साथ ही समाज की राजनीतिक भागीदारी को लेकर भी चर्चा की जाएगी। सह-संयोजक विशाल मेहरोत्रा ने कहा कि बरेली के लिए यह गौरव की बात है कि खत्री जाति रत्न सम्मान समारोह का आयोजन यहां हो रहा है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उनके अनुसार 14 राज्यों और करीब 100 से अधिक शहरों से खत्री समाज के प्रतिनिधियों के साथ ही बरेली के विभिन्न सजातीय संगठन कार्यक्रम में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि बरेली के अनुपम कपूर को खत्री जाति रत्न से सम्मानित किया जाना समाज के लिए गौरव का विषय है। बैठक में समाज की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने के मुद्दे पर भी प्रमुखता से चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि समाज के इतिहास में स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान सेठ दामोदर स्वरूप जैसे क्रांतिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है तथा पूर्व में राम सिंह खन्ना ने बरेली से प्रतिनिधित्व किया था। वक्ताओं ने समाज की राजनीतिक भागीदारी को पुनः मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि खत्री, पंजाबी और सिख समाज को एकजुट होकर सामाजिक हितों के लिए आगे बढ़ने की आवश्यकता है।
प्रेसवार्ता के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष अनंत अरोड़ा, किशोर सेठ, सौरभ मेहरोत्रा, हरि कपूर, विशाल मेहरोत्रा, बबली मेहरोत्रा, हरीश वर्दे सहित समाज के अनेक लोग मौजूद रहे।
खत्री समाज की राजनीतिक भागीदारी और शिक्षा पर जोर, 28 को होगा खत्री जाति रत्न सम्मान समारोह

10.8K views

























































































