उझानी। नगर पालिका अशर्फी देवी कन्या इंटर कॉलेज में भारत स्काउट एवं गाइड संस्था की ओर से आयोजित स्काउट शिविर के दूसरे दिन छात्राओं को आपातकालीन परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा के साथ दूसरों की मदद करने के विभिन्न तरीके सिखाए गए। शिविर में गाइड्स ने गगनचुंबी मीनारें बनाकर टीम भावना और सामूहिक कार्य का प्रदर्शन किया। इसके साथ ही प्राथमिक चिकित्सा, गांठें बंधन, तंबू निर्माण, गैजेट्स बनाने तथा मॉक ड्रिल का प्रशिक्षण दिया गया। शिविर को संबोधित करते हुए स्काउट संस्था के जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने कहा कि आपातकालीन स्थिति में युवाओं को धैर्य नहीं खोना चाहिए, बल्कि हिम्मत और सूझबूझ से काम लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वयं को हर परिस्थिति के लिए तैयार रखें और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें। आपदा या संकट के समय केवल आधिकारिक सूचना के स्रोतों पर ही भरोसा करें। उन्होंने मोबाइल फोन को पूरी तरह चार्ज रखने तथा मॉक ड्रिल का बार-बार अभ्यास करने की भी सलाह दी।
प्रधानाचार्या वीरू ने स्काउट ध्वज फहराकर शिविर का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि स्काउटिंग युवाओं में देशभक्ति का अनोखा जज्बा पैदा करती है। साथ ही यह कम संसाधनों में भी सुव्यवस्थित और अनुशासित जीवन जीने की कला सिखाती है। उन्होंने छात्राओं से प्रशिक्षण को गंभीरता से सीखने और आवश्यकता पड़ने पर समाज के लोगों की सहायता करने का आह्वान किया।
शिक्षिका वसीम निगहत खानम ने कहा कि विपत्तियों के समय जीवन की सुरक्षा के लिए पहले से तैयार रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने छात्राओं को जरूरतमंद लोगों की सहायता करने तथा संकट के समय संयम और मानवीय संवेदना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
गाइड कैप्टन रजनी कुमारी ने गाइड्स को आग में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने, डूबते हुए लोगों को बचाने, तंबू लगाने और भोजन बनाने का प्रशिक्षण दिया। इसके अलावा डाक्टरी गांठ, रीफ नॉट, शीट बैंड, फिशरमैन नॉट और चेयर नॉट सहित विभिन्न प्रकार की गांठों का अभ्यास कराया गया। गाइड कैप्टन प्रेमलता शर्मा ने गैजेट्स निर्माण, मॉक ड्रिल तथा युद्ध या आपातकालीन परिस्थितियों में स्वयं को सुरक्षित रखने का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बताया कि संकट के समय लोगों को सुरक्षित स्थान तक कैसे पहुंचाया जाए और ऐसी परिस्थितियों में क्या करना चाहिए तथा किन बातों से बचना चाहिए। इस अवसर पर सरिता शर्मा, शालिनी वार्ष्णेय, गुंजन, श्यामा शर्मा, शिल्पी गुप्ता, पूजा चौहान, अमीर बानो सहित विद्यालय की शिक्षिकाएं और गाइड्स मौजूद रहीं।
स्काउट शिविर के दूसरे दिन गाइड्स ने बनाईं गगनचुंबी मीनारें, प्राथमिक चिकित्सा से लेकर गांठें बांधने और तंबू निर्माण का किया अभ्यास


























































































