दातागंज में विधायक राजीव कुमार सिंह की पहल पर लगा वृहद रोजगार मेला, 832 युवाओं का चयन व शॉर्टलिस्ट
दातागंज। युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और उन्हें स्वावलंबन एवं आत्मनिर्भरता से जोड़ने के उद्देश्य से शनिवार को पं. दीनदयाल उपाध्याय सत्यवती मेमोरियल इंटर कॉलेज, ढिलवारी में वृहद रोजगार मेला-2026 का आयोजन किया गया। क्षेत्रीय विधायक राजीव कुमार सिंह (बब्बू भैया) की पहल एवं प्रेरणा से उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत आयोजित इस रोजगार मेले में बड़ी संख्या में युवक-युवतियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। राजकीय आईटीआई, कौशल विकास मिशन तथा जिला सेवायोजन कार्यालय बदायूं के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित रोजगार मेले में विभिन्न क्षेत्रों की करीब 30 प्रतिष्ठित कंपनियों ने प्रतिभाग किया। रोजगार की तलाश में पहुंचे कुल 2310 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया। इसके बाद कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों की योग्यता, कौशल और संबंधित पदों के अनुरूप साक्षात्कार एवं चयन प्रक्रिया पूरी की। आयोजकों के अनुसार मेले में पारदर्शी एवं निःशुल्क प्रक्रिया के माध्यम से 832 अभ्यर्थियों का चयन अथवा शॉर्टलिस्ट किया गया। चयनित एवं शॉर्टलिस्ट अभ्यर्थियों को विभिन्न पदों के लिए करीब 10 हजार रुपये से 35 हजार रुपये प्रतिमाह तक के वेतन पैकेज की जानकारी दी गई। रोजगार मेले में युवाओं की भारी भीड़ को देखते हुए आयोजन स्थल पर अलग-अलग कंपनियों के स्टॉल लगाए गए थे। अभ्यर्थियों को कंपनियों में उपलब्ध रोजगार के अवसर, पद, वेतन, योग्यता तथा कार्यक्षेत्र की जानकारी दी गई। युवाओं ने अपनी शैक्षिक योग्यता और कौशल के अनुसार विभिन्न कंपनियों में आवेदन और साक्षात्कार में भाग लिया। रोजगार मेले का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें निजी क्षेत्र की कंपनियों से जोड़ना रहा। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख कुँवर अतेन्द्र विक्रम सिंह (अंकित भैया), जिलाधिकारी बदायूं अवनीश राय, मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला, जिला सेवायोजन अधिकारी शशिकांत यादव, आईटीआई प्रधानाचार्य सुरेंद्र वार्ष्णेय, जिला विकास अधिकारी मनोज कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी बदायूं, डीसीडीएफ अध्यक्ष रवेंद्र पाल सिंह, विधानसभा संयोजक विजय कुमार सिंह (पालू भैया), चेयरमैन अनूप गुप्ता सहित कॉलेज प्रबंधन के पदाधिकारी एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे। आयोजन के दौरान अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने रोजगार मेले में पहुंचने वाले युवाओं से संवाद भी किया। उन्होंने रोजगार के लिए प्रयासरत युवाओं को अपनी योग्यता और कौशल के अनुरूप उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे रोजगार मेले युवाओं और नियोक्ता कंपनियों के बीच सीधा संपर्क स्थापित करने का प्रभावी माध्यम हैं। इससे युवाओं को अपने क्षेत्र में ही रोजगार के विकल्प तलाशने में सुविधा मिलती है। मेले में जिले के पत्रकार एवं छायाकार बंधुओं ने भी मौजूद रहकर आयोजन को कवरेज प्रदान की। आयोजन में बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी से कॉलेज परिसर में पूरे दिन उत्साह का माहौल बना रहा। रोजगार मेले में चयन और शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों के लिए आगे की प्रक्रिया संबंधित कंपनियों द्वारा पूरी की जाएगी।
















































































