बदायूँ: रोजगार मेले में विभिन्न क्षेत्रों की कुल 27 प्रतिष्ठित कंपनियों ने प्रतिभाग किया। मेले में रोजगार प्राप्त करने के उद्देश्य से 715 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया। विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों के साक्षात्कार प्रक्रिया के उपरान्त कुल 445 युवाओं का चयन/शॉर्टलिस्ट किया गया। इस प्रकार रोजगार मेले के माध्यम से बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।
मंगलवार को जिला सेवायोजन कार्यालय, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान एवं उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के संयुक्त तत्वावधान में विधानसभा स्तरीय (विधानसभा सदर) रोजगार मेले का आयोजन राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, परिसर में किया गया। रोजगार मेले का शुभारम्भ मुख्य अतिथि भाजपा जिला उपाध्यक्ष सोवरन सिंह राजपूत जी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा बेरोजगारों को रोजगार उपलब्ध कराने हेतु रोजगार मेलों का आयोजन कराया जाता है। मेलों से तमाम बेरोजगार लाभान्वित हुये हैं। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए रोजगार मेलों को युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम बताया। उन्होंने युवाओं से अपनी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने तथा आत्मनिर्भर बनने की दिशा में निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन कौशल विकास मिशन के विकासखंड परियोजना प्रबंधक अंकित यादव ने किया। रोजगार मेले में जिला समन्वयक कौशल विकास मिशन, जिला सेवायोजन अधिकारी शशिकान्त यादव, नोडल प्रधानाचार्य राजकीय आईटीआई सुरेन्द्र कुमार वार्ष्णेय सहित जिला सेवायोजन कार्यालय एवं कौशल विकास मिशन के समस्त संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बी0आई0एम0टी0 में रोजगार मेला आज- उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन अंतर्गत बेरोजगार अभ्यर्थियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला सेवायोजन कार्यालय, राजकीय आईटीआई एवं कौशल विकास मिशन बदायूँ के संयुक्त तत्वावधान में आज 04 नवम्बर 2026 को प्रातः 10 बजे से ककराला रोड स्थित बी0आई0एम0टी0 परिसर में रोजगार मेला आयोजित होगा। रोजगार मेले में प्रतिभाग करना पूर्णतः निःशुल्क है। रोजगार मेले में हाईस्कूल से स्नातकोत्तर, आईटीआई, डिप्लोमा, बीटेक तथा कौशल विकास डिप्लोमा उत्तीर्ण 18 से 40 वर्ष तक के अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थी प्रातः 10 बजे अपने समस्त शैक्षिक योग्यता प्रमाणपत्रों एवं बायोडाटा की छायाप्रति के साथ रोजगार मेले में प्रतिभाग कर सकते हैं।
मेले में 445 युवाओं का चयन 27 कंपनियों ने किया प्रतिभाग

6.3K views

























































































