बरेली। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री और भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मंगलवार को बरेली में विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष का काम केवल भ्रम फैलाना रह गया है। चुनाव हारने पर विपक्ष कभी चुनाव आयोग तो कभी ईवीएम को जिम्मेदार ठहराता है। उन्होंने कहा कि विपक्ष लगातार चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल खड़े कर लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति जनता में भ्रम पैदा करने का प्रयास करता है।
राजेंद्रनगर स्थित स्वयंवर बारातघर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा शुरू होने से पहले कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जेपी नड्डा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज राहुल गांधी लोकतंत्र की बात कर रहे हैं, लेकिन देश कांग्रेस शासनकाल में आपातकाल का दौर देख चुका है। इमरजेंसी के दौरान लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन हुआ और विरोध की आवाज को दबाया गया।
नड्डा ने अपने पुराने अनुभव साझा करते हुए कहा कि कांग्रेस शासनकाल में उन्हें भी कक्षा से गिरफ्तार कर लिया गया था। उन्होंने बताया कि उस दौरान उन्हें कई बार जेल जाना पड़ा। उन्होंने विपक्ष पर लोकतंत्र के मुद्दे पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया।
जेपी नड्डा ने भाजपा के अभियान को विपक्ष की ओर से फैलाए जा रहे कथित भ्रम का जवाब बताते हुए कार्यकर्ताओं से पार्टी की विचारधारा और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इसके बाद भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा स्वयंवर बारातघर से शुरू हुई। इसमें उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी शामिल हुए। पदयात्रा बांके बिहारी मंदिर और शिवाजी चौक होते हुए शहीद पंकज अरोड़ा स्मारक पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा में विभिन्न जिलों से आए भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
इस दौरान उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि भाजपा सरकार में उत्तर प्रदेश दंगा मुक्त बना है। कानून-व्यवस्था और पारदर्शी शासन सरकार की प्रमुख पहचान है। उन्होंने विपक्ष, विशेषकर समाजवादी पार्टी पर तुष्टिकरण और नकारात्मक राजनीति करने का आरोप लगाया। बरेली से जुड़े मुद्दों पर विपक्ष की प्रतिक्रिया को उन्होंने नौटंकी और बचकाना कदम बताया।
पदयात्रा के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। यात्रा मार्ग सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात किया गया था।
कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य, वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना, क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरन लाल लोधी, राज्यसभा सांसद श्रुति गंगवार, महापौर डॉ. उमेश गौतम, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, मंत्री धर्मपाल सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, विधायक एमपी आर्या, आदेश प्रताप सिंह, अधीर सक्सेना, सोमपाल शर्मा समेत भाजपा के तमाम पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
विपक्ष का काम केवल भ्रम फैलाना रह गया है, हारने पर ईवीएम को ठहराता है जिम्मेदार: जेपी नड्डा

7K views

























































































