17 सितंबर को बदायूं में जलेंगे पांच लाख से अधिक दीये, सेवा संकल्प अभियान का होगा आगाज
बदायूं। प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर को जनपद में सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ किया जाएगा। इस अवसर पर जिलेभर में पांच लाख से अधिक दीये प्रज्ज्वलित कर ‘सेवा दिवस-आशीर्वाद का दीया’ के रूप में मनाया जाएगा। शाम सात बजे सभी निर्मित परियोजनाओं, कछला व अटेना गंगा घाट, प्रमुख मंदिरों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, चिकित्सालयों के साथ 1037 ग्राम पंचायतों और 21 नगर पालिका एवं नगर पंचायतों में दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इसके साथ ही विभिन्न लाभार्थीपरक योजनाओं के लाभार्थियों के घरों में भी दीप जलाए जाएंगे।रविवार को कलेक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश के वन, पर्यावरण, जन्तु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार की अध्यक्षता में बैठक हुई। प्रभारी मंत्री ने अभियान की कार्ययोजना की समीक्षा करते हुए सभी कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों और आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिस तरह जिला एवं पुलिस प्रशासन के प्रयासों से कांवड़ यात्रा सकुशल संपन्न हुई, उसी तरह सेवा संकल्प अभियान को भी सफल बनाया जाएगा।जिले में किसान सम्मान निधि के 4,10,928, विधवा पेंशन के 66,605, वृद्धावस्था पेंशन के 76,444, दिव्यांगजन पेंशन के 20,388 तथा प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के 44,766 लाभार्थियों के घरों में दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। वहीं ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत सभी तहसीलों और डायट ऑडिटोरियम में दिव्यांग सशक्तिकरण विभाग में पंजीकृत 297 दिव्यांग लाभार्थियों को सहायक उपकरण वितरित किए जाएंगे।अभियान के तहत 17 से 22 सितंबर तक विभिन्न स्थानों पर रक्तदान शिविर भी लगाए जाएंगे। 17 सितंबर को जिला पुरुष चिकित्सालय, 18 को राजकीय मेडिकल कॉलेज, 19 को चेरिटेबिल ब्लड सेंटर, 20 को जौहरी नर्सिंग होम, 21 को भारत चेरिटेबिल ब्लड सेंटर तथा 22 सितंबर को नेशनल चेरिटेबिल ब्लड सेंटर में रक्तदान शिविर आयोजित होगा। इसी दिन तहसीलों एवं डायट ऑडिटोरियम में विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत 500 टूलकिट का वितरण भी किया जाएगा।सेवा संकल्प अभियान के दौरान 17 सितंबर से 10 अक्टूबर तक ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्र सेवा कार्यक्रम आयोजित होगा। विद्यालयों, विकासखंडों और जिला मुख्यालयों पर कक्षा पांच से आठ तथा नौ से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए चित्रकला, भाषण और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा। इसके अलावा नमो सेवा-अनकही कहानियां, आंगन मिलन सेवा, सेवा की कहानी, सेवा ज्योति कलश यात्रा-विकसित भारत का संकल्प, वडनगर से वाराणसी यात्रा, सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान, सेवा के रंग-राष्ट्र के संग, सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज, सुशासन सेवा संवाद, यज्ञ एवं प्रार्थना सभाएं, ग्राम चौपाल और सीधा संवाद सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।जिलाधिकारी अवनीश राय ने प्रभारी मंत्री एवं जनप्रतिनिधियों को अभियान के तहत होने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह, सदर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, एमएलसी बागीश पाठक के प्रतिनिधि शारदेंदु पाठक, वरिष्ठ नेता डीके भारद्वाज, पूर्व विधायक धर्मेंद्र कुमार शाक्य, जेके सक्सेना, अशोक भारतीय, महामंत्री जोगेंद्र राठौर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
















































































