रक्षाबंधन की रात सचिन कश्यप की हत्या से परिवार में मातम, सपा ने उठाई न्याय की आवाज
बरेली। रक्षाबंधन जैसे पवित्र पर्व की रात सचिन कश्यप की चाकू मारकर हत्या किए जाने की घटना से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। घटना के बाद पीड़ित परिवार न्याय की मांग कर रहा है। समाजवादी पार्टी ने मामले में अब तक हुई कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोपियों के खिलाफ तत्काल कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
इसी क्रम में रविवार को समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव एवं महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी के नेतृत्व में पार्टी का प्रतिनिधिमंडल सचिन कश्यप के घर पहुंचा। सपा नेताओं ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और परिवार को ढांढस बंधाते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
प्रतिनिधिमंडल में पूर्व जिलाध्यक्ष शिवचरन कश्यप सहित पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सपा नेताओं ने कहा कि सचिन कश्यप के परिवार के साथ समाजवादी पार्टी पूरी मजबूती से खड़ी है और परिवार को न्याय दिलाने के लिए पार्टी हर स्तर पर आवाज उठाएगी।
जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव एवं महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी ने कहा कि किसी भी परिवार के सदस्य की इस तरह हत्या कर दिया जाना बेहद गंभीर और दुखद घटना है। प्रशासन को मामले की निष्पक्ष जांच कर हत्या में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ तत्काल कठोर कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए।
समाजवादी पार्टी ने शासन-प्रशासन से मांग की कि सचिन कश्यप के परिवार को 25 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए। साथ ही हत्या के सभी आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
सपा नेताओं ने कहा कि सिर्फ गिरफ्तारी की औपचारिकता पूरी करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि मामले की प्रभावी जांच कर दोषियों को कानून के अनुसार कठोर सजा दिलाई जानी चाहिए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
समाजवादी पार्टी ने प्रशासन को स्पष्ट रूप से कहा कि यदि सात दिनों के भीतर सचिन कश्यप हत्याकांड में प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई और पीड़ित परिवार की मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं हुआ तो समाजवादी पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से धरना-प्रदर्शन करेगी।
जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव एवं महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी ने कहा कि समाजवादी पार्टी पीड़ित परिवार को अकेला नहीं छोड़ेगी। परिवार को न्याय दिलाने के लिए पार्टी पर मजबूती से आवाज उठाएगी।
इस दौरान नि. जिला कोषाध्यक्ष अशोक यादव, महानगर उपाध्यक्ष राजेश मौर्य, कैंट विधानसभा अध्यक्ष हरिओम प्रजापति, जितेंद्र मुंडे, रामसेवक प्रजापति, अशोक यादव यूथ, परवेज यार खां, धर्मेंद्र लालू, एजाज अहमद, हैप्पी यादव, मोहसिन अहमद, धर्मपाल लोधी, नवीन कश्यप, संजीव कश्यप, सुमित यादव, शारिक खान, शानू आदि लोग मौजूद रहे।
















































































