बरेली। थाना आंवला पुलिस ने जानलेवा हमले और पुलिस मुठभेड़ के तीन मामलों में वांछित चल रहे आरोपी संजू (20) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लंबे समय से पुलिस से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस के अनुसार संजू पुत्र लालाराम, निवासी ग्राम बेहटा चौहान, थाना आंवला, थाना आंवला में दर्ज जानलेवा हमले और पुलिस मुठभेड़ से जुड़े मुकदमों में वांछित था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। शनिवार सुबह मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने तहसील से मोहल्ला लठेता जाने वाली सड़क पर घेराबंदी कर आरोपी को सुबह 11:27 बजे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में संजू ने बताया कि वह गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार स्थान बदलकर रह रहा था और पुलिस से बचते हुए बाहर जाने की फिराक में था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश कर दिया है। आरोपी का आपराधिक इतिहास है पुलिस के मुताबिक संजू के खिलाफ चोरी, मारपीट, जानलेवा हमला, एससी/एसटी एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित सात मुकदमे पहले से दर्ज हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक नितिन शर्मा और आरक्षी गौतम कुमार शामिल रहे।