बरेली। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर पूर्व सैनिक को-ऑर्डिनेशन कमेटी, बरेली कैंट की ओर से आयोजित समारोह में बदायूं की वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. मेघा अग्रवाल को विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया। उन्होंने समारोह में ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी और उपस्थित पूर्व सैनिकों, उनके परिवारों तथा युवाओं को राष्ट्रप्रेम एवं देशसेवा का संदेश दिया। समारोह के दौरान डॉ. मेघा अग्रवाल को सम्मानित भी किया गया। उन्होंने कहा कि देश के वीर सैनिकों का त्याग, साहस और समर्पण प्रत्येक नागरिक के लिए प्रेरणास्रोत है। साहित्य और कलम के माध्यम से राष्ट्रप्रेम की भावना को जन-जन तक पहुंचाना उनका निरंतर प्रयास है।स्वतंत्रता दिवस समारोह में डॉ. मेघा अग्रवाल ने देशप्रेम पर आधारित अपनी कविता का प्रभावशाली काव्य पाठ भी किया। उनकी पंक्तियां— “वीर हमारे सैनिक भाई, पनपे-उपजे यहीं से हैं, उनके हर बलिदान को हम नतमस्तक शीश झुकाएंगे।” ने समारोह में मौजूद लोगों के भीतर देशभक्ति की भावना को और प्रबल कर दिया। काव्य पाठ के दौरान उपस्थित लोगों ने तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों, उनके परिवारों, युवाओं एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। समारोह में देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया और राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं देशसेवा के प्रति संकल्प व्यक्त किया गया।