बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को बरेली क्लब ग्राउंड में बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी डॉ. हरि सिंह ढिल्लो के समर्थन में आयोजित शिक्षक सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने कानून-व्यवस्था, शिक्षा, रोजगार और प्रदेश के विकास के मुद्दों पर समाजवादी पार्टी को घेरा। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले त्योहारों के आसपास दंगे होते थे, लेकिन अब दंगा करने वाले जेल में उर्स मना रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि प्रदेश में दंगा करने वालों को अब बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें अपनी संपत्ति से भी हाथ धोना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की पहचान अब उपद्रव से नहीं, उत्सव से है।मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षक केवल सरकारी कर्मचारी नहीं, बल्कि राष्ट्र और युग निर्माता हैं। उनके सम्मान, स्वास्थ्य और सुविधाओं की जिम्मेदारी सरकार की है। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार ने शिक्षकों के हित में कई कदम उठाए हैं। बेसिक, माध्यमिक, उच्च शिक्षा और स्ववित्तपोषित संस्थानों के शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा दी गई है। शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और रसोइयों को भी विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया है। माध्यमिक शिक्षकों के लिए बीमा कवर तथा रसोइयों के लिए स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा की व्यवस्था का भी उन्होंने उल्लेख किया।
सपा सरकार पर भर्ती में गड़बड़ी का आरोप
योगी आदित्यनाथ ने आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान शिक्षा व्यवस्था और भर्ती प्रक्रिया प्रभावित हुई थी। उन्होंने कहा कि चयन बोर्ड में परिवार और रिश्तेदारों को बैठाकर नियुक्तियों को प्रभावित किया जाता था। वर्ष 2017 में बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग में 1.60 लाख से अधिक पद रिक्त थे। मुख्यमंत्री के अनुसार, सरकार ने साढ़े छह वर्षों में इतने ही शिक्षकों की पारदर्शी भर्ती की। उन्होंने कहा कि अब योग्य युवाओं को बिना भेदभाव रोजगार के अवसर मिल रहे हैं।
परीक्षा व्यवस्था में सुधार का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं पांच से 24 फरवरी के बीच आयोजित की जाएंगी। मुख्य परीक्षा के बाद 14 दिनों में परिणाम घोषित करने की व्यवस्था का भी उन्होंने उल्लेख किया। उन्होंने ऑपरेशन कायाकल्प और प्रोजेक्ट अलंकार के तहत विद्यालयों में सुविधाएं विकसित करने तथा स्मार्ट क्लास, डिजिटल लाइब्रेरी और अटल टिंकरिंग लैब के माध्यम से ग्रामीण विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा से जोड़ने की बात कही।
साढ़े नौ लाख युवाओं को नौकरी देने का दावा
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि प्रदेश में पिछले साढ़े नौ वर्षों में साढ़े नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था और प्रति व्यक्ति आय में तीन गुना वृद्धि हुई है। उच्च शिक्षा के विस्तार का उल्लेख करते हुए उन्होंने शाहजहांपुर में स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय और मुरादाबाद में गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय की स्थापना का जिक्र किया। उन्होंने सरकार की ओर से हर जिले में विश्वविद्यालय स्थापित करने की दिशा में काम किए जाने की बात कही।
मुख्यमंत्री ने शाहजहांपुर के अमर शहीदों पंडित रामप्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खां और ठाकुर रोशन सिंह को नमन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार में माफिया और अपराधियों को संरक्षण मिलता था, जबकि वर्तमान सरकार उनके खिलाफ कार्रवाई कर रही है। उन्होंने बरेली की नाथ नगरी के रूप में पहचान और संभल के तीर्थस्थलों के पुनर्जीवन का भी उल्लेख किया।
शिक्षक मतदाताओं से समर्थन की अपील
मुख्यमंत्री ने शिक्षक एमएलसी चुनाव में भाजपा प्रत्याशी डॉ. हरि सिंह ढिल्लो के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने बताया कि 23 अक्टूबर को शिक्षक मतदाताओं को मतदान के लिए अवकाश मिलेगा।
वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि यह चुनाव शिक्षित वर्ग में भाजपा की लोकप्रियता का संकेत देगा। माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी ने शिक्षकों के हित में सरकार की ओर से किए गए कार्यों का उल्लेख किया। सम्मेलन में कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह, जयेंद्र प्रताप सिंह राठौर, डॉक्टर अरुण कुमार सक्सेना, संजय गंगवार, सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार और राज्यसभा सदस्य श्रुति गंगवार , पूरनलाल लोधी , समेत अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में धर्मपाल सिंह ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिह्न भेंट किया।
पहले त्योहारों पर होते थे दंगे, अब जेल में उर्स मना रहे दंगाई: योगी

7K views

























































































