बरेली। बरेली मंडल के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की टेंडर प्रक्रिया तीन माह से अधिक समय से लंबित होने के कारण कर्मचारियों के सामने गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। इस समस्या के समाधान की मांग को लेकर शिक्षणेत्तर कर्मचारी संयुक्त परिषद उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष हरिशंकर के नेतृत्व में कर्मचारियों ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री माननीय श्री योगी आदित्यनाथ जी को संबोधित ज्ञापन कैंट विधायक श्री संजीव अग्रवाल जी को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से कर्मचारियों की समस्याओं से अवगत कराते हुए मांग की गई कि बरेली मंडल के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की लंबित टेंडर प्रक्रिया का शीघ्र नवीनीकरण कराया जाए, ताकि कर्मचारियों की सेवा पर मंडरा रही अनिश्चितता समाप्त हो सके और उन्हें नियमित रूप से मानदेय मिलने का रास्ता साफ हो। परिषद के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष हरिशंकर ने कहा कि तीन माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद टेंडर प्रक्रिया पूरी न होने से कर्मचारियों और उनके परिवारों के सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। कर्मचारियों के परिवारों की आजीविका मानदेय पर निर्भर है। ऐसी स्थिति में प्रक्रिया लंबित रहने से उनके सामने घर का खर्च चलाना, बच्चों की शिक्षा तथा अन्य आवश्यक जरूरतें पूरी करना मुश्किल होता जा रहा है। इस अवसर पर कैंट विधायक श्री संजीव अग्रवाल जी ने ज्ञापन प्राप्त करते हुए आश्वासन दिया कि कर्मचारियों की समस्या से संबंधित यह ज्ञापन माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी को आज ही प्रेषित कर दिया जाएगा।इस मौके पर नवलकिशोर, संजय, अभिषेक, योगेश श्रीवास्तव, अरुण कुमार यादव, ललित सक्सेना, जितेंद्र, शिवम आदि कर्मचारी मौजूद रहे।