हर घर तिरंगा अभियान के तहत निकली वृहद तिरंगा बाइक रैली, गूंजा राष्ट्रप्रेम का संदेश
बरेली। हर घर तिरंगा अभियान-2026 के अंतर्गत आज जनपद में वृहद तिरंगा बाइक रैली का आयोजन किया गया। रैली में जनपद की समस्त तहसील एवं विकास खण्ड स्तरीय अधिकारियों , कर्मचारियों तथा समस्त निवर्तमान ग्राम प्रधानों, प्रशासकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश दिया।
वृहद तिरंगा बाइक रैली का शुभारंभ सायंकाल अपर पुलिस महानिदेशक रमित शर्मा एवं मंडलायुक्त शंभू कुमार द्वारा गुब्बारे हवा में उड़ाकर विकास भवन परिसर से किया गया। तिरंगा रैली विकास भवन परिसर से प्रारंभ होकर श्यामगंज ओवरब्रिज, डेलापीर डमरू चौराहा, आईवीआरआई, इज्जतनगर रेलवे स्टेशन ओवरब्रिज, कुदेशिया फाटक ओवरब्रिज, धर्मकांटा चौराहा एवं थाना प्रेमनगर होते हुए सीआई पार्क पहुंचकर सम्पन्न हुई। समापन सी.आई पार्क में स्वतंत्रता सेनानी महान चंद्रशेखर आजाद जी की मूर्ति स्थल के निकट विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर विभाजन के दौरान उत्पन्न परिस्थितियों में अपने प्राण गंवाने वाले लोगों तथा विस्थापन और पीड़ा का दंश झेलने वाले परिवारों के संघर्ष एवं त्याग को स्मरण कर दो मिनट का मौन रख कैंडल मार्च कर किया गया।
रैली के दौरान मार्ग में देशभक्ति का वातावरण देखने को मिला। हाथों में तिरंगा लिए बाइक सवार प्रतिभागियों ने उत्साह एवं उमंग के साथ भारत माता की जय तथा राष्ट्रभक्ति के नारों के माध्यम से आमजन को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान एवं देश की एकता-अखंडता के प्रति जागरूक किया।इस अवसर पर अधिकारियों, कर्मचारियों एवं निवर्तमान ग्राम प्रधानों, प्रशासकों ने हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने तथा प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रीय पर्वों एवं राष्ट्रहित के आयोजनों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया।
जिला प्रशासन द्वारा जनपदवासियों से अपील की गई कि हर घर तिरंगा अभियान-2026 में बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हुए अपने घरों पर तिरंगा फहराएं और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान एवं राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत करें।
रैली में जिलाधिकारी अविनाश सिंह , वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य, नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, मुख्य विकास अधिकारी देवयानी ,पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारिक, पुलिस अधीक्षक दक्षिण अंशिका वर्मा, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संतोष कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन पूर्णिमा सिंह सहित संबंधित अधिकारीगण एवं ग्राम प्रधान सहित आमजनमानस उपस्थित रहें
















































































