बदायूँ। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को जिला पंचायत कार्यालय में देशभक्ति और उल्लास का माहौल देखने को मिला। जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव एवं पूर्व एमएलसी जितेंद्र यादव ने जिला पंचायत के अधिकारी-कर्मचारियों और सदस्यों की मौजूदगी में ध्वजारोहण किया। राष्ट्रध्वज फहराए जाने के बाद सभी ने राष्ट्रगान गाकर तिरंगे को सलामी दी। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव ने जनपदवासियों सहित समस्त देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और देशभक्ति की याद दिलाता है। हमें उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास में योगदान देना चाहिए।पूर्व एमएलसी जितेंद्र यादव ने भी सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की प्रगति में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने लोगों से अपने घरों पर तिरंगा फहराकर स्वतंत्रता के इस गौरवपूर्ण अवसर का हिस्सा बनने का आह्वान किया।कार्यक्रम में जिला पंचायत के अधिकारी, कर्मचारी एवं सदस्य मौजूद रहे।