बिसौली। अग्निवीर की लिखित परीक्षा पास कर चुके युवक ने शुक्रवार को अपने घर में फंदा लगाकर जान दे दी। बताया जा रहा है कि युवक पर गांव के ही एक व्यक्ति ने घर से चोरी करने का आरोप लगाया था। चोरी के आरोप से आहत युवक ने यह कदम उठाया। गांव जलालपुर निवासी चंद्रभान सिंह (18) ने अग्निवीर की लिखित परीक्षा पास कर ली थी। वह शारीरिक परीक्षा की तैयारी में लगा हुआ था। शुक्रवार को उसने अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने उसे फंदे से लटकता देखा तो घर में कोहराम मच गया। मृतक के पिता ने बताया कि गांव के ही एक व्यक्ति ने चंद्रभान पर चोरी का आरोप लगाया था। आरोप के बाद से वह काफी परेशान था। परिजनों के अनुसार, चोरी के आरोप से आहत होकर चंद्रभान ने यह कदम उठाया। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतरवाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।परिजनों का आरोप है कि चोरी का आरोप लगाए जाने के बाद से चंद्रभान मानसिक रूप से परेशान था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतक के पिता की हालत भी बिगड़ गई और उन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।परिजनों के अनुसार, घटना की जानकारी मिलने पर चंद्रभान के भाई प्रदीप, बहन रोहिणी सहित अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। उनका रो-रोकर बुरा हाल है।उधर, गांव में घटना को लेकर चर्चा है कि चोरी के आरोप के बाद दोनों पक्षों के बीच समझौते की कोशिश भी की गई थी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।