बरेली। भोजीपुरा कस्बे के न्यू इंग्लैंड डिकोनस स्कूल की तेज रफ्तार बस जटऊ पट्टी गांव के समीप लिंक मार्ग पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे के समय बस में 31 बच्चे सवार थे, जिनमें 13 बच्चे घायल हो गए। दुर्घटना सुबह करीब 6:30 बजे हुई, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सभी घायल बच्चों को उपचार के लिए राममूर्ति मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।जर्जर बस और नाबालिग चालक के आरोपहादसे की जानकारी मिलते ही घायल बच्चों के परिजन अस्पताल पहुंच गए। परिजनों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है। उनका आरोप है कि स्कूल प्रबंधन की लापरवाही के चलते जर्जर हालत में पहुंच चुकी बस का संचालन कराया जा रहा था। इतना ही नहीं, बस को नाबालिग चालक द्वारा चलाए जाने का भी आरोप लगाया गया है। अभिभावकों का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा से जुड़ी गंभीर शिकायतों के बावजूद स्कूल प्रबंधन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।पहले भी की गई थी शिकायतएक पीड़ित अभिभावक ने बताया कि बस की खराब हालत और चालक को लेकर स्कूल प्रबंधन से कई बार शिकायत की गई थी। बस बदलने और चालक को हटाने की मांग भी की गई, लेकिन आरोप है कि शिकायतों को नजरअंदाज कर दिया गया। अभिभावकों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई होती तो हादसा टाला जा सकता था।कार्रवाई की मांगघटना के बाद अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने प्रशासन से स्कूल बसों की फिटनेस, चालकों की उम्र और दस्तावेजों की जांच कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ न हो।घायल बच्चों में बसिम राजा (कक्षा 8), अक्सी नूर (कक्षा 4), अबुसर (एनसी), असलान (कक्षा 2), आकिब (कक्षा 2), मोहम्मद आशिफ, मोहम्मद असलम और आशिफ राजा शामिल बताए गए हैं। अन्य घायल बच्चों की जानकारी अस्पताल से जुटाई जा रही है।