बदायूं। पूर्व सांसद एवं पूर्व मंत्री डीपी यादव ने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताते हुए हत्या की आशंका व्यक्त की है। सुरक्षा बढ़ाने की मांग पर अपेक्षित कार्रवाई न होने के बाद उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले को सार्वजनिक किया। डीपी यादव ने प्रशासन एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र भेजकर अपनी तथा परिवार के सदस्यों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। डीपी यादव ने कहा कि मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों को देखते हुए उन्हें आशंका है कि उनके साथ कोई गंभीर घटना हो सकती है। उन्होंने अपने पत्र में अपने बड़े भाई और बहनोई की पूर्व में हुई हत्या का भी उल्लेख करते हुए सुरक्षा संबंधी चिंता जाहिर की है। उन्होंने प्रशासन से अपनी सुरक्षा के साथ-साथ पूर्व विधायक एवं अपनी धर्मपत्नी उमलेश यादव की सुरक्षा बढ़ाने की भी मांग की है। दोनों के लिए एक-एक गनर उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है।डीपी यादव का कहना है कि उन्होंने सुरक्षा को लेकर पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को पहले भी अवगत कराया था, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपनी चिंता सार्वजनिक करने का निर्णय लिया। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कहा कि वह अपनी और परिवार की सुरक्षा को लेकर गंभीर रूप से चिंतित हैं तथा प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने की अपेक्षा रखते हैं।