बरेली। पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग को लेकर बुधवार को बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। UFBU के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर पीलीभीत बाईपास रोड स्थित केनरा बैंक क्षेत्रीय कार्यालय पर शाम 5:30 बजे कर्मचारी जुटे और नारेबाजी की।UFBU जिला संयोजक नवीन्द्र कुमार ने कहा कि पांच दिवसीय बैंकिंग की मांग दो वर्षों से अधिक समय से लंबित है। बैंक कर्मचारी सप्ताह में छह दिन सेवाएं दे रहे हैं, जबकि अधिकांश सरकारी कार्यालयों में पांच दिवसीय व्यवस्था लागू है। PNB नेता चरण सिंह यादव ने कहा कि पांच दिवसीय व्यवस्था से कर्मचारियों को बेहतर कार्य-जीवन संतुलन मिलेगा और कार्यक्षमता बढ़ेगी। UFBU अध्यक्ष पीके माहेश्वरी ने इसे बैंकिंग व्यवस्था के हित में बताया। उपाध्यक्ष संतोष तिवारी ने एकजुट होकर आंदोलन जारी रखने का आह्वान किया। रश्मि शर्मा ने महिला कर्मचारियों के लिए इसे महत्वपूर्ण बताया। सुनीत भटनागर ने चेतावनी दी कि मांग पर शीघ्र निर्णय नहीं हुआ तो आंदोलन और व्यापक किया जाएगा। प्रदर्शन में विभिन्न बैंकों के कर्मचारी, अधिकारी और संगठन प्रतिनिधि मौजूद रहे।