बरेली। शहर में तिरंगा यात्रा को लेकर बुधवार को लोगों में खासा उत्साह और देशभक्ति का जोश देखने को मिला। तिलक इंटर कॉलेज के पास से तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किया गया। यात्रा में केंद्रीय मंत्री बरेली प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर, महापौर डॉ. उमेश गौतम ,कैंट विधायक संजीव अग्रवाल सहित कई वरिष्ठ नेता समेत जिला प्रशासन के अधिकारी और बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर लोगों ने देशभक्ति के नारों के साथ यात्रा में हिस्सा लिया। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। यात्रा में युवाओं के साथ महिलाओं और बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी की। तिरंगा यात्रा के दौरान मार्ग में जगह-जगह लोगों में देशभक्ति का उत्साह नजर आया। यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए। मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया, वहीं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भी आवश्यक प्रबंध किए गए।तिरंगा यात्रा के चलते शहर में देशभक्ति का माहौल बना रहा। लोगों ने राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशप्रेम की भावना के साथ यात्रा में सहभागिता की।