बरेली। उत्तर प्रदेश आशा वर्कर्स यूनियन के आह्वान पर गुरुवार को जिला अध्यक्ष शिववती साहू के नेतृत्व में आशा कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मांगों को लेकर जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपकर मांगों के शीघ्र निस्तारण की मांग की गई।जिला अध्यक्ष शिववती साहू ने कहा कि 16 फरवरी 2026 को उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री तथा यूनियन प्रतिनिधियों के बीच हुई वार्ता में 13 सूत्रीय मांगों पर सहमति बनी थी, लेकिन अभी तक समझौते को धरातल पर लागू नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि आशाओं के आधार भुगतान को बढ़ाकर 10 हजार रुपये प्रतिमाह करने और आशा संगिनियों के भुगतान में भी बढ़ोतरी का वादा किया गया था। उन्होंने आयुष्मान कार्ड, आभा आईडी, पोलियो, फाइलेरिया, टीवी, कुष्ठ रोग, दस्तक, संचारी अभियान, जेएसवाई और नसबंदी समेत विभिन्न कार्यों की लंबित प्रोत्साहन राशियों का तत्काल भुगतान करने की मांग की। पोलियो, फाइलेरिया, दस्तक और संचारी अभियानों के लिए दैनिक 500 रुपये प्रोत्साहन राशि निर्धारित करने की भी मांग उठाई गई। यूनियन ने मातृत्व अवकाश चार माह करने, कैशलेस चिकित्सा सुविधा के अतिरिक्त पांच लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा, दुर्घटना बीमा दो लाख से बढ़ाकर 10 लाख रुपये करने तथा भुगतान में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही आंदोलन के दौरान दर्ज मुकदमों को वापस लेने और 45वें व 46वें भारतीय श्रम सम्मेलन की सिफारिशें लागू करने की मांग की गई। प्रदर्शन के दौरान रूप देवी , कीर्ति कुमार , पूनम शर्मा , हिराकली , लीला वती, दीपा सिंह , अंगूर वती, वीरवाला , रूबी , सुंदरी , ओमवती , लता मधुबाला , राजरानी , बृजकिशोरी , कमला , वंदना सक्सेना , बेबी , पिंकी , निशी, शकुंतला, रजनी देवी , ज्योति रीता , मिथलेश, शीला , पूनम देवी , कुसुम , रेनू , उमा देवी आदि मौजूद थी।