बदायूं। एंटी करप्शन टीम ने बिजली विभाग में तैनात अवर अभियंता (जेई) और संविदा लाइनमैन को 12 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। दोनों पर एक उपभोक्ता से ट्रांसफार्मर खराब होने की शिकायत दूर कराने और बिजली के बिल को माफ कराने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है। कार्रवाई के बाद टीम ने दोनों आरोपियों के खिलाफ सहसवान कोतवाली में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया है।जानकारी के अनुसार जरीफनगर थाना क्षेत्र के बिजलीघर में तैनात जेई हरदेवा राम और संविदा लाइनमैन मानक चन्द्र ने सर्वेश कुमार से कथित तौर पर 12 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। सर्वेश कुमार के ट्यूबवेल का ट्रांसफार्मर खराब था। इसके साथ ही बिजली के बिल को माफ कराने के नाम पर भी दोनों द्वारा रकम मांगे जाने का आरोप है। बताया गया है कि सरकार की ओर से बिजली के ट्यूबवेल के बिल माफ किए जाने की घोषणा की जा चुकी है। इसके बावजूद बिल माफ कराने के एवज में रिश्वत मांगने की शिकायत एंटी करप्शन टीम तक पहुंची। शिकायत का सत्यापन कराने के बाद टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई और दोनों आरोपियों को रिश्वत की रकम लेते हुए पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद एंटी करप्शन टीम दोनों आरोपियों को सहसवान कोतवाली ले गई, जहां उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।