रामपुर जेल में आजम खां से मिले सपा महासचिव शिवपाल , आबिद रजा भी रहे साथ; 2027 की सियासी तैयारियों पर मंथन
रामपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव गुरुवार को रामपुर पहुंचे। उन्होंने जेल में बंद पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खां से करीब एक घंटे तक मुलाकात की। इस दौरान पूर्व मंत्री आबिद रजा भी शिवपाल सिंह यादव के साथ मौजूद रहे। शिवपाल-आजम की मुलाकात और उनके साथ आबिद रजा की मौजूदगी ने रामपुर के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं को तेज कर दिया।पूर्वाह्न करीब 11 बजे रामपुर पहुंचे शिवपाल सिंह यादव सबसे पहले जेल गए, जहां उन्होंने आजम खां से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच करीब एक घंटे तक बातचीत हुई। मुलाकात के विषयों को लेकर कोई विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई, लेकिन सियासी हलकों में इसे महत्वपूर्ण माना जा रहा है।जेल से निकलने के बाद शिवपाल यादव आजम खां के आवास पहुंचे। यहां उन्होंने आजम खां की पत्नी एवं पूर्व सांसद तंजीम फात्मा से मुलाकात की। इस दौरान भी पूर्व मंत्री आबिद रजा उनके साथ रहे। तंजीम फात्मा और शिवपाल यादव के बीच राजनीतिक मुद्दों पर बातचीत हुई। इसके बाद तंजीम फात्मा के आग्रह पर शिवपाल यादव सपा कार्यालय पहुंचे।सपा कार्यालय में शिवपाल सिंह यादव ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। उन्होंने कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाते हुए संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने वर्ष 2027 में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने के लक्ष्य के साथ कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
इसके बाद शिवपाल यादव जौहर यूनिवर्सिटी पहुंचे। उन्होंने विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर के साथ-साथ प्रोफेसरों से बैठक की और उनका उत्साहवर्धन किया। बाद में उन्होंने यूनिवर्सिटी के ऑडिटोरियम में छात्रों को संबोधित किया।
रामपुर में शिवपाल सिंह यादव का आजम खां से मिलना, उनके साथ पूर्व मंत्री आबिद रजा की मौजूदगी और इसके बाद तंजीम फात्मा से राजनीतिक बातचीत को सपा की आगामी रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषक शिवपाल-आजम की इस मुलाकात को वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देख रहे हैं।















































































