बरेली। समाजवादी पार्टी महिला सभा की जिलाध्यक्ष स्मिता यादव के नेतृत्व में जिला कार्यालय पर मासिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में समाजवादी नेत्रियों और महिला कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस दौरान महिलाओं ने एकजुट होकर जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष तेज करने और प्रदेश में जनहितैषी समाजवादी सरकार बनाने का संकल्प लिया। जिलाध्यक्ष स्मिता यादव ने कहा कि प्रदेश में परिवर्तन की राजनीति को मजबूत करने में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि सभी महिलाएं जागरूक हों और समाजवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि किसान, शिक्षा और आम जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करना जरूरी है।स्मिता यादव ने कहा कि समाज के विकास में महिलाओं की भागीदारी के बिना वास्तविक परिवर्तन संभव नहीं है। उन्होंने आगामी समय में महिला संगठन को और मजबूत करने तथा अधिक से अधिक महिलाओं को पार्टी से जोड़ने पर जोर दिया।बैठक में जिला महासचिव मिथलेश आर्य, जिला उपाध्यक्ष शशि चंद्रा, हुरिया रहमान, आसमां पाशा, जिला सचिव ममता सागर, विमला चंद्रा, मीना, रेशम देवी, रामप्यारी, उमा देवी, नगमा बानो, शहनाज सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं।