बरेली। भारतीय किसान यूनियन (लोक शक्ति) के पदाधिकारियों ने नवनियुक्त मंडलायुक्त से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान संगठन की ओर से मंडलायुक्त को भारतीय किसान यूनियन लोक शक्ति की विचारधारा से संबंधित पुस्तक भेंट की गई।मुलाकात के दौरान किसान नेताओं ने किसानों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और मांगों को मंडलायुक्त के समक्ष रखा। पदाधिकारियों ने किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय से मिलना चाहिए और उनकी समस्याओं के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को प्रभावी निर्देश दिए जाने चाहिए। किसान नेताओं ने मंडलायुक्त को संगठन की गतिविधियों और किसानों के हित में किए जा रहे कार्यों की भी जानकारी दी। मंडलायुक्त ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके निस्तारण के संबंध में आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया। इस अवसर पर भारतीय किसान यूनियन लोक शक्ति के मंडल अध्यक्ष रणवीर सिंह फौजी, जिला अध्यक्ष नंदकिशोर समेत संगठन के अन्य पदाधिकारी और किसान सदस्य मौजूद रहे।