बरेली। पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज, चौबारी में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारी से निर्धारित कार्य अवधि के विपरीत कथित रूप से 24 घंटे कार्य लिए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में शिक्षणेतर कर्मचारी संयुक्त परिषद, जनपद बरेली ने उप श्रम आयुक्त को ज्ञापन सौंपा और मामले की निष्पक्ष जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है। परिषद के संज्ञान में आया है कि सर्वेश कश्यप विद्यालय में आउटसोर्स के माध्यम से चौकीदार/सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत हैं। परिषद को दिए गए प्रार्थना पत्र में उन्होंने आरोप लगाया है कि उन्हें दिन और रात दोनों समय विद्यालय परिसर में उपस्थित रहने के लिए बाध्य किया जाता है। इसके चलते उन्हें पर्याप्त विश्राम और निर्धारित कार्य अवधि का लाभ नहीं मिल पा रहा है। परिषद का कहना है कि लगातार लंबे समय तक कार्य लेने से कर्मचारी के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। यदि लगाए गए आरोप जांच में सही पाए जाते हैं तो यह श्रमिकों के अधिकारों और लागू श्रम नियमों की भावना के विपरीत होगा। परिषद ने अधिकारियों से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर विद्यालय प्रशासन एवं संबंधित आउटसोर्स एजेंसी से स्पष्टीकरण लिया जाए। साथ ही श्रम नियमों के अनुपालन की जांच कर यदि कोई अनियमितता सामने आती है तो संबंधित पक्ष के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।