बरेली। आंवला थाना पुलिस ने दहेज हत्या के मामले में फरार चल रहे दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी पति और उसकी मां को उनके घर से पकड़कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की है।पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई को रामनगर निवासी राना सिंह ने थाना आंवला में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी बहन नवली (22) से उसके ससुराल पक्ष ने दहेज में पांच लाख रुपये नकद और चार पहिया वाहन की मांग की। मांग पूरी न होने पर उसका उत्पीड़न किया गया और उसकी हत्या कर दी गई। इस मामले में थाना आंवला में मुकदमा पति आकाश सहित सात नामजद आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया गया था।गुरुवार को प्रभारी निरीक्षक आंवला के निर्देशन में उपनिरीक्षक नरेन्द्र कुमार, हेड कांस्टेबल नरेन्द्र, महिला हेड कांस्टेबल रेनू केशरवानी और कांस्टेबल फैजान ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम रामनगर स्थित घर से आरोपी आकाश (24) और उसकी मां कमलेश (44) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया है। मामले की विवेचना क्षेत्राधिकारी आंवला द्वारा की जा रही है तथा अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।