बरेली। थाना हाफिजगंज पुलिस ने चोरी के 22 हजार रुपये, एक अवैध .315 बोर तमंचा और एक जिंदा कारतूस के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान ग्राम दोहरिया जागीर निवासी मोबीन पुत्र शरीफ के रूप में हुई है। पुलिस टीम गश्त के दौरान ग्राम धर्मपुर अंडरपास के निर्माणाधीन बाईपास के पास पहुंची, जहां मुखबिर की सूचना पर आरोपी को दबोच लिया गया। तलाशी में उसके पास से अवैध तमंचा, कारतूस और 22 हजार रुपये बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि बरामद रकम उसने 1 अगस्त को प्रेमनगर क्षेत्र के मोहल्ला सुर्खा स्थित मस्जिद के इमाम के कमरे से चोरी की थी। इस संबंध में थाना प्रेमनगर में पहले से मुकदमा दर्ज है। बरामदगी के आधार पर थाना हाफिजगंज में आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट तथा बीएनएस की संबंधित धाराओं में नया मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध चोरी और आर्म्स एक्ट के आधा दर्जन से अधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं।