बरेली। थाना भमोरा क्षेत्र के गांव राजूपुर में प्रेम दिवाकर पर हुए कथित चाकू से हत्या प्रयास के मामले की सीबीआई जांच की मांग को लेकर जनशक्ति आर्मी भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलदीप कनौजिया के नेतृत्व में पीड़ित परिवार और संगठन के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को जिला अधिकारी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि हमले के आरोपी के खिलाफ पहले से सात आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और वर्तमान घटना के बाद उसके विरुद्ध कुल आठ मुकदमे हो चुके हैं। संगठन ने आरोप लगाया कि इसके बावजूद आरोपी पर न तो गुंडा एक्ट लगाया गया और न ही जिला बदर की कार्रवाई की गई। जनशक्ति आर्मी ने मामले की सीबीआई जांच कराने, आरोपी समेत अन्य नामजद आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा संबंधित चौकी प्रभारी, थाना प्रभारी और आरोपियों के मोबाइल की कॉल डिटेल की जांच कराने की मांग की। संगठन का आरोप है कि पूर्व में शिकायतों के बावजूद प्रशासन ने समय रहते कार्रवाई नहीं की। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं तो जनशक्ति आर्मी और बहुजन समाज के लोग अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेंगे। साथ ही कहा कि भविष्य में पीड़ित पक्ष या संगठन के किसी सदस्य के साथ कोई अप्रिय घटना होने पर इसकी जिम्मेदारी संबंधित पुलिस प्रशासन की होगी।