बरेली। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय के 24वें दीक्षांत समारोह में एमबीए की छात्रा एवं मां गंगा बचाओ वेलफेयर सोसाइटी, ऑल इंडिया रियल फॉर कल्चरल एजुकेशनल वेलफेयर सोसाइटी तथा महिला कल्याण समिति संगठन परिवार की महानगर युवा उपाध्यक्ष खुशी शर्मा को एमबीए में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने पर स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया। विश्वविद्यालय सभागार में आयोजित समारोह में पूर्व संयुक्त सचिव डॉ. राकेश कुमार, सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार तथा कुलपति प्रो. के.पी. सिंह ने उन्हें स्वर्ण पदक प्रदान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने वर्चुअल माध्यम से की। खुशी शर्मा की इस उपलब्धि पर संगठन परिवार, उनके माता-पिता, शिक्षकों और शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। खुशी शर्मा ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के सहयोग, शिक्षकों के मार्गदर्शन, संगठन परिवार के समर्थन तथा अपनी मेहनत और लगन को दिया। संगठन परिवार के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रजनीश सक्सेना ने कहा कि खुशी शर्मा ने संगठन और बरेली का नाम रोशन किया है। उन्होंने घोषणा की कि संगठन परिवार की ओर से खुशी शर्मा को उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।