बरेली। बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र में यूनिवर्सिटी के पास बुधवार को दो ट्रकों की आमने-सामने की जोरदार टक्कर में दोनों ट्रक चालकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।हादसा इतना भीषण था कि दोनों ट्रकों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि एक ट्रक में सेब लदे हुए थे, जबकि दूसरे ट्रक में बैटरियां भरी थीं। दुर्घटना के बाद सड़क पर काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा।पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।