बरेली। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना भमोरा पुलिस ने 10.150 किलोग्राम अवैध डोडा छिलका के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी बरामद किया है।पुलिस के अनुसार, 1 अगस्त की रात करीब 10:20 बजे ग्राम कुड्डा से भरताना जाने वाले मार्ग पर संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहन चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल सवार विशाल पुत्र सुरेश चंद्र, निवासी ग्राम देवचरा थाना भमोरा को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में उसके पास से 10.150 किलोग्राम अवैध डोडा छिलका बरामद हुआ। इसके बाद आरोपी के खिलाफ थाना भमोरा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अफीम की खेती करने वाले लोगों से डोडा छिलका खरीदकर राहगीरों और अन्य लोगों को अधिक कीमत पर बेचता था। हालांकि उसने सप्लायरों के नाम-पते की जानकारी नहीं होने की बात कही। पुलिस अब तस्करी के नेटवर्क और आपूर्ति श्रृंखला की जांच में जुटी है।इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक पवन कुमार के नेतृत्व में उपनिरीक्षक शैलेन्द्र तौमर, हेड कांस्टेबल अजयपाल सिंह, कांस्टेबल मच्छेन्द्र सिंह और कांस्टेबल अरविन्द कुमार की टीम ने अंजाम दिया।