बरेली। थाना फतेहगंज पूर्वी पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार 2 अगस्त को उपनिरीक्षक लक्ष्मी नारायण सिंह अपनी टीम के साथ गश्त एवं संदिग्ध व्यक्ति-वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि शब्बीर भट्टे से उचसिया जाने वाले कच्चे रास्ते पर एक व्यक्ति अवैध तमंचा लेकर जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम सलीम पुत्र गप्पू, निवासी मोहल्ला कस्यावान, थाना फतेहगंज पूर्वी, बरेली बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक 315 बोर का तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। इस संबंध में थाना फतेहगंज पूर्वी में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह भैंसों की खरीद-फरोख्त का काम करता है और मोहल्ले के कुछ लोगों से रंजिश के चलते अपनी सुरक्षा के लिए तमंचा रखता था। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट तथा अन्य मामलों में मुकदमे दर्ज हैं।